पूर्वोत्तर रेलवे की मंडलीय बैठक में सांसदों ने की रेल सुविधाओं में विस्तार की मांग

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की मंडलीय समिति की बैठक में सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने विभिन्न रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार के सुझाव दिए। बैठक की अध्यक्षता पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने की। उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में महाप्रबंधक ने बताया कि 2024-25 में रेलवे ने 105 किमी मल्टी-ट्रैकिंग कार्य पूरा किया है। बुढ़वल-गोंडा तीसरी लाइन और ऐशबाग-मानक नगर बाईपास लाइन का कार्य संपन्न हुआ। प्रयागराज महाकुंभ 2025 को देखते हुए 3000 से अधिक मेला विशेष ट्रेनें चलाई गईं। 101.93 किमी ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग कमीशनिंग के साथ रेलवे ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

लखनऊ मंडल के 22 अमृत स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इस वर्ष यात्री संख्या में 18.4% की वृद्धि और यात्री आय में 5.1% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सांसदों ने गोरखपुर-आनंदनगर-बढ़नी-गोंडा लाइन के दोहरीकरण, बहराइच-श्रावस्ती-खलीलाबाद नई लाइन, वंदेभारत, तेजस और नई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन, ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने, तथा नई लाइनों के सर्वे की मांग रखी।

गौरव अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंडल में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी दी। बैठक का संचालन उपमहाप्रबंधक (सामान्य) कृष्णा चंद्र सिंह ने किया और अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button