“लखनऊ के नगराम क्षेत्र के देवती गांव में पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।“
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के देवती गांव में सोमवार सुबह एक पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट सुबह करीब 11 बजे उस समय हुआ जब गांव के बाहर स्थित लाइसेंसी पटाखा गोदाम में निर्माण और भंडारण से जुड़ी गतिविधियां चल रही थीं। धमाका इतना तेज था कि गोदाम की दीवारें और छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मलबे में दो मोटरसाइकिलें भी दबकर जल गईं।
महिला की मौत, युवक घायल
घटना के दौरान गोदाम के पास मौजूद 22 वर्षीय मारिया और युवक मोहित इसकी चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मारिया की मौत हो गई। मोहित का उपचार जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
लाइसेंसधारी संचालक ने क्या कहा
गोदाम के लाइसेंस धारक शफीक ने बताया कि सहालग के चलते पटाखों के निर्माण और भंडारण की तैयारी चल रही थी। गोदाम में तैयार माल के साथ बारूद भी रखा हुआ था। उन्होंने कहा कि घटना के समय वे मौके पर मौजूद नहीं थे, इसलिए विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस और प्रशासन की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसीपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाकर यह पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है कि विस्फोट तकनीकी कारणों से हुआ या लापरवाही के चलते।
डीसीपी (साउथ) अमित कुमार ने बताया कि यह एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री थी और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगराम क्षेत्र में पटाखा निर्माण और भंडारण से जुड़े हादसे पहले भी हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े होते रहे हैं। पिछले वर्ष भी इसी इलाके में पटाखा गोदाम में आग और विस्फोट की घटना सामने आई थी।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि लाइसेंस शर्तों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









