Munger ED Raid News: बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के घर छापेमारी की। करोड़ों रुपये की निवेश धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दस्तावेजों की जांच जारी है।
मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले में करोड़ों रुपये की कथित निवेश ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फूलका स्थित जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास पर छापेमारी की।
सुबह तड़के पहुंची ईडी की टीम ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की और वित्तीय लेनदेन, निवेश से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मामले के अन्य आरोपितों जयधन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी पूछताछ की जा रही है।
निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप
जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाने के बाद कंपनी का संचालन बंद कर फरार होने का आरोप है। 18 नवंबर 2024 को कंपनी के कार्यालय पर ताला लगने के बाद बड़ी संख्या में निवेशकों ने जमालपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना कांड संख्या 224/24 दर्ज किया गया था।
मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच
मामले की जांच के दौरान आर्थिक अनियमितताओं और धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के पहलुओं को देखते हुए ईडी ने जांच अपने हाथ में ली है। एजेंसी निवेशकों के पैसे के प्रवाह, बैंक लेनदेन और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं और फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी अब इस मामले में धन के स्रोत, लेनदेन और संभावित लाभार्थियों की भूमिका की जांच कर रही है।









