“पीलीभीत के भरा पचपेड़ा औद्योगिक पार्क में 300 करोड़ रुपये की परियोजना के दफ्तर में घुसकर प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ मारपीट की गई। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में औद्योगिक परियोजना सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।“
पीलीभीत। जिले के अमरिया तहसील क्षेत्र में विकसित हो रहे करीब 300 करोड़ रुपये के भरा पचपेड़ा औद्योगिक पार्क प्रोजेक्ट में शुक्रवार को बड़ा बवाल हो गया। परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ उनके ही कार्यालय में घुसकर मारपीट की गई, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, चेन्नई की आरपीपी ग्रुप द्वारा यूपीसीडा के सहयोग से इस औद्योगिक पार्क का विकास किया जा रहा है। दोपहर करीब एक बजे 10 से 12 लोग तीन वाहनों में सवार होकर प्रोजेक्ट साइट के कार्यालय पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने सामान्य बातचीत की और कुछ देर बाद अचानक माहौल बिगड़ गया।
आरोप है कि कुछ लोग डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर के कमरे में घुस गए और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कुमार सिंह को भी बुलाकर उनके साथ हाथापाई की गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने यूपीसीडा और पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी लेनदेन या विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 10 से 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









