“Akhilesh Yadav के भाई प्रतीक यादव को मृत अवस्था में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था। अब उनका शव King George’s Medical University भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम होगा। सपा ने जताया शोक।“
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब छह बजे उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रतीक यादव, दिवंगत मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और परिवार के करीबी लोगों का उनके आवास पर पहुंचना लगातार जारी है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ, जिसके बाद वह घर लौट आए थे। बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम के लिए उनका शव किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है। परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ में किया जाएगा।

राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा प्राप्त की थी और व्यवसायिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। वह रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़े थे। लखनऊ में उनका ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम संचालित होता था।
इसके अलावा वह ‘जीव आश्रय’ संस्था के माध्यम से बेसहारा और घायल स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन, देखभाल और रेस्क्यू का कार्य भी करते थे। पशु प्रेम और सामाजिक कार्यों को लेकर भी वह अक्सर चर्चा में रहते थे।
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी 4 दिसंबर 2011 को सैफई में हुई थी। यह हाई-प्रोफाइल शादी उस समय काफी चर्चाओं में रही थी, जिसमें कई बड़े राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां शामिल हुई थीं। दोनों की दो बेटियां हैं।
इसी वर्ष जनवरी में प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के रिश्तों को लेकर भी चर्चाएं तेज हुई थीं, जब सोशल मीडिया पर तलाक संबंधी पोस्ट सामने आई थी। हालांकि कुछ दिनों बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी और फरवरी में दोनों परिवार के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम में भी नजर आए थे।
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर कहा कि “प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।”
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









