सत्य निकेतन हादसे में MCD पर बड़ा एक्शन, डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अफसर निलंबित; विभागीय जांच के आदेश

सत्य निकेतन PG इमारत हादसे के बाद MCD ने बड़ा एक्शन लिया है। दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर समेत पांच अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत गिरने के मामले में नगर निगम (MCD) ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार समेत पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही लंबित रहने तक निलंबन के आदेश जारी किए गए हैं। कार्रवाई को इमारतों में अवैध और खतरनाक निर्माण की निगरानी में लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है।

डिप्टी कमिश्नर समेत इन पांच अधिकारियों पर कार्रवाई

MCD के विजिलेंस विभाग की ओर से 7 सितंबर 2026 को जारी अलग-अलग कार्यालय आदेशों के मुताबिक पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है। इनमें दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर से लेकर बिल्डिंग विभाग के इंजीनियर शामिल हैं।

  • राकेश कुमार — डिप्टी कमिश्नर, साउथ जोन
  • रणवीर सिंह — सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर
  • ललित कुमार गोयल — एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिल्डिंग)
  • सुनील चौहान — असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग)
  • आशीष कुमार — जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग)

इन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबन प्रभावी रहेगा।

पहली बार डिप्टी कमिश्नर स्तर के अधिकारी पर कार्रवाई

सत्य निकेतन हादसे के बाद हुई कार्रवाई में दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार का निलंबन सबसे अहम माना जा रहा है। आदेश के अनुसार उन्हें MCD आयुक्त के 7 सितंबर के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, किसी इमारत के गिरने के मामले में डिप्टी कमिश्नर स्तर के अधिकारी के निलंबन का यह पहला मामला बताया जा रहा है। राकेश कुमार बिहार से प्रतिनियुक्ति पर MCD में सेवाएं दे रहे थे।

इंजीनियरिंग टीम भी जांच के घेरे में

MCD की कार्रवाई केवल प्रशासनिक अधिकारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि इंजीनियरिंग टीम को भी इसकी जद में लिया गया है। सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रणवीर सिंह को DMC Services (Control & Appeal) Regulations, 1959 के Regulation 5(2) के तहत विभागीय कार्यवाही लंबित रहने के दौरान निलंबित किया गया है।

इसके अलावा एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पांच मंजिला PG इमारत गिरने के बाद तेज हुई कार्रवाई

सत्य निकेतन के P-14 में पांच मंजिला PG इमारत गिरने के बाद अवैध और खतरनाक भवनों को लेकर MCD ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी घटनास्थल का दोबारा दौरा कर राहत एवं बचाव कार्य, सुरक्षा व्यवस्था और आगे की कार्रवाई की समीक्षा की थी।

इसके बाद पांचवीं मंजिल वाले अवैध भवनों को तत्काल सील करने और आसपास के PG तथा अन्य भवनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के निलंबन के बाद अब निगम की कार्रवाई का दायरा और बढ़ गया है।

बगल की P-13 इमारत भी घोषित हुई खतरनाक

हादसे के बाद बराबर स्थित P-13 भवन को भी MCD ने खतरनाक घोषित कर दिया है। भवन को हुए नुकसान का आकलन करने के बाद निगम ने मालिक को इसे ध्वस्त करने के लिए तीन दिन का समय दिया है।

यदि निर्धारित अवधि में भवन को नहीं गिराया गया तो MCD स्वयं इसे ध्वस्त कर सकता है। ऐसी स्थिति में ध्वस्तीकरण पर आने वाला खर्च संबंधित भवन मालिक से वसूला जाएगा।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button