स्मृति ईरानी 25-26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी, भाजपा संगठन की करेंगी समीक्षा; CM विष्णुदेव साय समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ होगी अहम बैठक

छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का पहला रायपुर दौरा

  • स्मृति ईरानी का पहला छत्तीसगढ़ दौरा, भाजपा संगठन की मजबूती पर होगा मंथन

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा होगा। उनके साथ सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद रहेंगे।

इस दौरान वे प्रदेश संगठन, बूथ स्तर की सक्रियता और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगी । इस दौरे पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जिला और मोर्चा स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी रायपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठन और सरकार के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

स्मृति ईरानी 25-26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी, भाजपा संगठन की करेंगी समीक्षा

बैठकों में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, संभाग और जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल किए जाने की संभावना है। वे सामूहिक बैठकों के अलावा पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ अलग-अलग चर्चा भी करेंगी ।

छत्तीसगढ़ भाजपा में कर्मवीर के प्रदेश महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी संभालने के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हुई है। स्मृति ईरानी के प्रस्तावित दौरे को संगठन के कामकाज की समीक्षा और आगामी रणनीति तय करने के संदर्भ में देखा जा रहा है।

Back to top button