“पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार कर बंगाल पुलिस कोलकाता ले गई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।“
अयोध्या। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज सिंह के रूप में हुई है, जिसे बंगाल पुलिस अपने साथ कोलकाता ले गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी राज सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अयोध्या में छिपकर रह रहा था। पश्चिम बंगाल पुलिस की जांच और तकनीकी निगरानी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद 6 मई की रात मध्यमग्राम के डोडरिया इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने एक कार और एक बाइक बरामद की थी, जिनका इस्तेमाल वारदात में किए जाने की आशंका जताई गई। इसके अलावा घटना के समय सक्रिय मोबाइल टावरों का डाटा खंगालने पर दो मोबाइल नंबर उत्तर प्रदेश से जुड़े मिले थे। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना को पूर्व-नियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









