UP Election 2027: योगी आदित्यनाथ का बड़ा दावा, बोले- बीजेपी लगातार तीसरी बार बनाएगी सरकार

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव से पहले बड़ा दावा करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी। एक कार्यक्रम में बातचीत के दौरान सीएम योगी ने कहा कि चुनाव किस दिशा में जा रहा है, इसे लेकर उन्हें रत्ती भर भी संदेह नहीं है। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता एक बार फिर बीजेपी को मौका देने के पक्ष में है।

320 से ज्यादा सीटों पर जीत को लेकर क्या बोले सीएम योगी?

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव में 320 से ज्यादा सीटें जीतने का आंकड़ा पार कर पाएगी? इस पर उन्होंने कहा कि चुनाव उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें कोई संदेह नहीं है। योगी ने दावा किया कि प्रदेश की महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और गरीबों से बात करने पर भी यही बात सामने आएगी कि बीजेपी को तीसरी बार सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए।

80 फीसदी वोट और सीटों पर भी सीएम ने रखी बात

मुख्यमंत्री से जब पूछा गया कि क्या बीजेपी गठबंधन इस बार यूपी में 80 फीसदी वोट और 80 फीसदी सीटें हासिल कर सकता है, तो उन्होंने कहा कि पार्टी पहले भी इस तरह की उपलब्धियां हासिल कर चुकी है। योगी ने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार, निवेश और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़ी उपलब्धियां बताया। उनका कहना है कि विकास और सुशासन के नाम पर जनता बीजेपी को फिर समर्थन देगी।

’15 से 20 फीसदी लोग विकास नहीं चाहते’

बातचीत के दौरान सीएम योगी ने प्रदेश के कुछ लोगों पर विकास कार्यों का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करीब 15 से 20 फीसदी लोग ऐसे हैं, जो विकास नहीं चाहते और हर काम में केवल कमियां निकालते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग उत्सव और सकारात्मक माहौल के बजाय अशांति को बढ़ावा देना चाहते हैं, उनके इरादे सफल नहीं होंगे। उनके इस बयान को प्रदेश की सियासत में अहम माना जा रहा है।

UP Election 2027 में सपा के गुंडाराज और दंगों को मुद्दा बनाएगी बीजेपी

मुख्यमंत्री योगी ने साफ किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर विपक्ष के पुराने कार्यकाल को भी जनता के सामने रखेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया। योगी के मुताबिक, सपा और कांग्रेस के शासनकाल में कथित जंगलराज, गुंडाराज, कर्फ्यू और दंगों के मुद्दों को बीजेपी चुनाव में उठाएगी। पार्टी जनता को बताएगी कि पहले प्रदेश में किस तरह की परिस्थितियां थीं और अब क्या बदलाव आया है।

2022 में बीजेपी ने जीती थीं 255 सीटें

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं और फरवरी 2027 में चुनाव होने हैं। इस चुनाव में बीजेपी के सामने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन की चुनौती होगी। पिछले यानी 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी, जबकि समाजवादी पार्टी को 111 सीटों पर जीत मिली थी। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा जताकर चुनावी माहौल को गरमा दिया है।

Back to top button