यूपी में आंधी-तूफान का कहर, पेड़-पोल उखड़े; 4 की मौत, 39 जिलों में लू का अलर्ट

लखनऊ समेत कई जिलों में 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं, 28 मई से मौसम में बड़े बदलाव और बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में नौतपा के दूसरे दिन आंधी-तूफान और लू का असर दिखा। लखीमपुर, बस्ती और सीतापुर में हादसों में 4 लोगों की मौत हुई। IMD ने 39 जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी किया है। जानिए यूपी मौसम का ताजा अपडेट।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नौतपा के दूसरे दिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। सोमवार देर रात प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और तूफान ने तबाही मचा दी। लखनऊ, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में तेज हवाओं के चलते सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। कई जगह घरों की पानी की टंकियां तक उड़ गईं। हादसों में बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को 39 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। इनमें प्रयागराज, बांदा और चित्रकूट में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन चढ़ने के साथ गर्म हवाएं फिर जोर पकड़ेंगी।

लखीमपुर में तूफान के बीच आग, 40 घर जलकर राख

लखीमपुर खीरी में मंगलवार तड़के तेज आंधी और तूफान आया। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। मितौली क्षेत्र के कारीबरेडी गांव में आंधी के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग करीब 40 घरों तक फैल गई। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, जबकि आठ मवेशी भी झुलस गए। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से घंटों बाद आग पर काबू पाया गया।

बस्ती और सीतापुर में हादसे, बच्चे समेत मौतें

बस्ती के परशुरामपुर क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान पीपल का पेड़ छप्पर पर गिर गया। हादसे में चार वर्षीय विकास की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए।

वहीं सीतापुर में आंधी के दौरान दीवार गिरने से किस्मत जहां नाम की महिला की मौत हो गई। उसके तीन बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में भी आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ।

लखनऊ, गोरखपुर और गोंडा में तबाही

लखनऊ में देर रात करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। गोरखपुर और गोंडा में भी आंधी-बारिश के कारण सैकड़ों पेड़ और पोल उखड़ गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा। सुबह प्रशासन ने सड़कों से पेड़ हटाने का काम शुरू कराया।

संभल, अयोध्या और उन्नाव में राहत की बारिश

संभल में सोमवार रात करीब 15 मिनट तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। अयोध्या, उन्नाव और बदायूं समेत कई जिलों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।

बांदा फिर बना देश का सबसे गर्म शहर

भीषण गर्मी के बीच बांदा एक बार फिर देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा झांसी में 46 डिग्री, जालौन में 45.8 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री और प्रयागराज में 45.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

28 मई से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। दक्षिण बिहार के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से 29 और 30 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

अगले पांच दिन का मौसम

27 मई

पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

28 मई

पूर्वी यूपी में बारिश और पश्चिमी यूपी में हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं।

29 मई

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश होगी। तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन उमस बनी रहेगी।

30 मई

आंधी-तूफान और बिजली चमकने के साथ कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

31 मई

मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। तेज हवाओं और बूंदाबांदी के बीच गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button