विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026: स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, खुशहाल जीवन पाएं – मुकेश शर्मा

योग-व्यायाम बढ़ाएं, स्क्रीन टाइम व जंक फूड घटाएं; संतुलित आहार और दिनचर्या पर जोर

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मुकेश शर्मा ने कहा- स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, योग-व्यायाम बढ़ाएं, जंक फूड और स्क्रीन टाइम घटाएं। जानें संतुलित आहार और बेहतर स्वास्थ्य के टिप्स।

लखनऊ। स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार सुधार के बावजूद हृदय रोग, डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। इन बीमारियों के कारण हर साल लाखों लोगों की असमय मृत्यु हो रही है। बढ़ता मोटापा भी इन रोगों के खतरे को और अधिक बढ़ा रहा है।

मुकेश शर्मा, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया, का कहना है कि इन बीमारियों के पीछे सबसे बड़ा कारण हमारी अनियमित और असंतुलित जीवनशैली है। जंक फूड का बढ़ता चलन और शारीरिक श्रम व व्यायाम से दूरी इस समस्या को और गंभीर बना रही है।

विश्व स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य और थीम

मुकेश शर्मा ने बताया कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए हर वर्ष 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। यह दिन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े डॉक्टरों और कर्मियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने का भी अवसर है।

इस वर्ष की थीम —
“स्वास्थ्य के लिए एकजुट — विज्ञान के साथ खड़े रहें”
का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पृथ्वी, जीव-जंतुओं और पर्यावरण के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देना है। इसके लिए वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना भी जरूरी बताया गया है।

स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क

मुकेश शर्मा ने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है” — यह कहावत आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। जीवन में सफलता और प्रगति के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों का संतुलित होना बेहद जरूरी है।

इसके लिए उन्होंने सुझाव दिए:

  • नियमित योग, ध्यान और प्राणायाम अपनाएं
  • रोजाना व्यायाम और शारीरिक श्रम बढ़ाएं
  • पर्याप्त नींद और संतुलित दिनचर्या बनाए रखें

संतुलित आहार है बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी

उन्होंने कहा कि जंक फूड की बजाय पारंपरिक भारतीय पौष्टिक आहार को अपनाना चाहिए। एक संतुलित थाली में—

  • 1/4 भाग सलाद
  • 1/4 भाग हरी सब्जियाँ
  • 1/4 भाग दाल/प्रोटीन
  • 1/4 भाग मिलेट युक्त कार्बोहाइड्रेट

होना चाहिए। साथ ही दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी बेहद जरूरी है।

स्क्रीन टाइम और बदलती दिनचर्या बनी समस्या

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में देर रात तक जागना और सुबह देर से उठना आम हो गया है, जिससे तनाव और कई बीमारियाँ बढ़ रही हैं। मोबाइल, लैपटॉप और टीवी पर अधिक समय बिताने से—

  • आँखों की रोशनी प्रभावित हो रही है
  • एकाग्रता में कमी आ रही है
  • मोटापा तेजी से बढ़ रहा है

स्वच्छता और साफ पानी भी जरूरी

दूषित पानी और अस्वच्छता के कारण डायरिया जैसी बीमारियाँ फैल रही हैं। उन्होंने कहा कि हाथों की सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि कई संक्रामक रोग गंदे हाथों से भोजन करने के कारण फैलते हैं।

देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button