हरदोई : डॉ. मिथिलेश कुमारी मिश्र साहित्य सम्मान समारोह में रचनाकारों व नवोदित प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

हरदोई में आयोजित डॉ. मिथिलेश कुमारी मिश्र साहित्य सम्मान समारोह में वरिष्ठ साहित्यकारों, रचनाकारों और हिन्दी-संस्कृत की नवोदित प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में “भाव वेणु” काव्यकृति का विमोचन तथा मेधावी छात्राओं को प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया।

हरदोई। श्री सरस्वती सदन सेवा समिति, हरदोई के तत्वावधान में आयोजित डॉ. मिथिलेश कुमारी मिश्र साहित्य सम्मान समारोह में जनपद के वरिष्ठ साहित्यकारों, रचनाकारों तथा हिन्दी-संस्कृत की नवोदित प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। कवयित्री पल्लवी मिश्र की वाणी वंदना से प्रारंभ हुए इस साहित्यिक आयोजन में साहित्य, संस्कृति और शिक्षा क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित रहीं।

समारोह में मुख्य अतिथि न्यायाधीश श्री अविनाश पाण्डेय, विशेष जज–सीबीआई, पटना ने वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी श्री ब्रजराज सिंह तोमर को मिश्रबन्धु साहित्य सम्मान से सम्मानित किया। इसी मंच से कवयित्री श्रीमती सुधा मिश्र की काव्यकृति “भाव वेणु” का विमोचन किया गया और उन्हें डॉ. मिथिलेश कुमारी मिश्र साहित्य सम्मान से अलंकृत किया गया।

सीएसएन महाविद्यालय, हरदोई में स्नात्तकोत्तर परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राएँ—

  • सुश्री अंजलि सिंह (हिन्दी)
  • सुश्री गीता दुबे (संस्कृत) को डॉ. मिथिलेश कुमारी मिश्र प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि न्यायाधीश श्री पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि “साहित्य समाज का दर्पण है और बहुभाषाविद साहित्यकार डॉ. मिथिलेश कुमारी मिश्र का रचना संसार हिन्दी और संस्कृत की वैश्विक गरिमा को स्थापित करता है।” उन्होंने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने की पहल को संस्कृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्य वक्ता कवि एवं समीक्षक श्री अरुणेश मिश्र ने कहा कि मिश्रबन्धु साहित्य सम्मान हरदोई की साहित्यिक उर्वरता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 1913 में मिश्रबन्धुओं द्वारा हिन्दी इतिहास के तुलनात्मक अध्ययन ने साहित्य को नई दिशा दी, जो हरदोई और प्रदेश दोनों के लिए गौरव की बात है।
इसके बाद कवयित्री पल्लवी मिश्र ने भावपूर्ण काव्यपाठ कर उपस्थित जनों की सराहना पाई।

सदन की सदस्य एवं कवयित्री कंचन वाजपेयी ने डॉ. मिथिलेश कुमारी मिश्र के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि श्रवण कुमार मिश्र ने की तथा स्वागत मंत्री मनीष कुमार मिश्र ने किया।
संचालन महेश मिश्र और कार्यक्रम की व्यवस्‍था पुस्तकालयाध्यक्ष सीमा मिश्र ने संभाली।

समारोह में सुरेन्द्रनाथ अग्निहोत्री, डॉ. नरेशचंद्र शुक्ल, रत्ना मिश्र, आलम रब्बानी, कमलेश पाठक, ओपी सिंह, आरडी वर्मा, कुमुदनी तिवारी, हरिवंश सिंह, अवनिकांत वाजपेयी, राजीव दुबे, डॉ. अलका गुप्ता, नीता श्रीवास्तव सहित कई साहित्यकार एवं सदन सदस्य उपस्थित रहे।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

विशेष संवाददाता – मनोज शुक्ल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button