6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी: सीएम योगी का बड़ा ऐलान, 3,572 अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया। लखनऊ में 3,572 कृषि विभाग के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे गए। भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कृषि विभाग के 3,572 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि भर्ती बोर्ड और आयोगों को पदों की जानकारी मिलने के एक महीने के भीतर विज्ञापन जारी करना होगा। इसके बाद अगले दो महीने में परीक्षा और परीक्षा के एक महीने के भीतर परिणाम जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया के बाद छह महीने के भीतर युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल जाना चाहिए।

कृषि विभाग में 3,572 अभ्यर्थियों को नियुक्ति

कार्यक्रम में कृषि विभाग के 3,572 अभ्यर्थियों को जॉइनिंग लेटर दिए गए। इनमें 3,446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-C) और 126 मंडी सचिव शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों में 689 महिलाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले करीब नौ वर्षों में प्रदेश में 9.30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का लाभ उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिल रहा है।

भर्ती प्रक्रिया पर विपक्ष पर निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती निकलते ही कथित तौर पर ‘चाचा-भतीजे’ की जोड़ी वसूली में जुट जाती थी। उन्होंने कहा कि युवा परीक्षा देता था, लेकिन परिणाम नहीं आता था और मामले अदालतों में चले जाते थे। इससे युवाओं का समय और उम्र दोनों बर्बाद होते थे।

सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने नकल माफिया और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की और नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया।

प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित: योगी

किसानों का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है और वर्तमान में 122 चीनी मिलें संचालित हैं। उन्होंने दावा किया कि गन्ना किसानों को अब तक करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि किसानों को करीब 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और लगभग 16 लाख निजी नलकूपों के बिजली बिल का भार सरकार उठा रही है।

14 दिन में यूपी बोर्ड परीक्षा और 14 दिन में रिजल्ट का दावा

मुख्यमंत्री ने यूपी बोर्ड की परीक्षा व्यवस्था का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पहले बोर्ड परीक्षाओं में महीनों लग जाते थे, लेकिन अब 56 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा 14 दिन में कराने और उसके अगले 14 दिन में परिणाम घोषित करने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों और विश्वविद्यालयों से भी परीक्षा एवं परिणाम प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाने को कहा।

जापान, जर्मनी और इजराइल में यूपी के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं की मांग अब विदेशों में भी बढ़ रही है। उनके मुताबिक जापान, जर्मनी और इजराइल जैसे देशों में यूपी के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इजराइल में करीब 5 हजार यूपी के युवा काम कर रहे हैं।

तकनीकी सहायकों को किसानों के खेत तक पहुंचने का निर्देश

नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल सरकारी दफ्तरों तक सीमित नहीं है। उन्हें किसानों के खेतों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचानी होगी।

उन्होंने तकनीकी सहायकों से ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर, आधुनिक खेती, फसल विविधीकरण और किसानों की आय बढ़ाने के तरीकों की जानकारी देने को कहा। मुख्यमंत्री ने ‘लैब टू लैंड’ के तहत कृषि वैज्ञानिकों और तकनीकी सहायकों को सीधे किसानों के साथ काम करने की जरूरत बताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सम्मान और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर काम करने से ही उत्तर प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button