
संविधान दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में सत्ता किसे मिलेगी, इसका फैसला केवल जनता करती है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने जनता को सरकार चुनने का अधिकार दिया है, जबकि सत्ता में आने वालों के लिए संविधान के दायरे में रहकर शासन करने की व्यवस्था बनाई है।
संविधान के सम्मान को बताया हर भारतीय की जिम्मेदारी
दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना हर भारतीय के लिए गर्व और जिम्मेदारी की बात है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की मार्गदर्शिका के रूप में देखा गया, जबकि इसकी मूल भावना को युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
अमित शाह ने बताया कि साल 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला किया गया, ताकि संविधान के मूल्यों और आदर्शों को स्कूलों, कॉलेजों और देश के हर नागरिक तक पहुंचाया जा सके।
विपक्ष को संविधान की मूल प्रति पढ़ने की सलाह
अपने संबोधन में अमित शाह ने संविधान की मूल भावना को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग संविधान को लेकर सवाल उठाते हैं, उन्हें इसकी मूल प्रति देखने के लिए कुछ समय जरूर निकालना चाहिए।
शाह ने बताया कि संविधान की मूल प्रति के अलग-अलग अध्यायों की शुरुआत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चित्रों से होती है। इनमें भगवान श्रीराम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े चित्र शामिल हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि संसद की लाइब्रेरी में जाकर इन चित्रों को देखा जाए और संविधान की मूल भावना को समझने का प्रयास किया जाए। इन चित्रों को प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस ने तैयार किया था।
समान कानून की व्यवस्था पर भी रखी बात
अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने इसे नीति-निर्देशक सिद्धांतों में जगह दी थी। उनके मुताबिक, देश के हर नागरिक को धर्म से ऊपर उठकर समान कानून के तहत जीने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कानून का आधार किसी व्यक्ति का धर्म नहीं होना चाहिए। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई और पारसी समेत सभी समुदायों के लिए समान कानूनी व्यवस्था होनी चाहिए।
नक्सलवाद को लेकर भी विपक्ष पर साधा निशाना
गृह मंत्री ने बस्तर का उदाहरण देते हुए नक्सलवाद के नुकसान पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वहां आज भी ऐसे बुजुर्ग मिलते हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, मतदाता सूची में नाम नहीं है और घरों में बिजली तथा पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
शाह ने कहा कि नक्सलवाद ने ऐसे लोगों को उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में बड़े कदम उठाए गए और लोगों तक उनके संवैधानिक अधिकार पहुंचाने का काम किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र में जनता की भूमिका और समान अधिकारों को देश की मजबूती के लिए जरूरी बताया।









