
अमेरिका में मिसिसिपी के समुद्री तट के पास एक दर्दनाक विमान दुर्घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। सभी लोग मछली पकड़ने की यात्रा पूरी करने के बाद फ्लोरिडा लौट रहे थे, तभी उनका छोटा विमान मैक्सिको की खाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में बचाव दल ने विमान के मलबे से सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए।
मृतकों में 50 वर्षीय पायलट ब्रेंट स्टोक्स, उनका 16 साल का बेटा हंटर स्टोक्स, ब्रेंट की बहन आर्लिन नॉक्स (43), उनके पति माइकल नॉक्स (43) और उनके दो बेटे चार्ल्स होल्डन नॉक्स (12) और ट्रुएट नॉक्स (10) शामिल हैं।
छुट्टियां मनाकर घर लौट रहा था परिवार
दोनों परिवारों ने एक साझा बयान जारी कर हादसे में सभी छह सदस्यों की मौत की पुष्टि की। बयान के मुताबिक, परिवार छुट्टियों के मौसम की शुरुआत का जश्न मनाने के लिए मछली पकड़ने की यात्रा पर गया था। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया।
ब्रेंट स्टोक्स फोर्ट मायर्स की एक मरीन कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी के प्रमुख थे। वहीं, आर्लिन और माइकल नॉक्स ने साल 2012 में अपनी आईटी कंपनी शुरू की थी। इस हादसे से उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अचानक टूटा संपर्क
अमेरिकी तटरक्षक बल के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:45 बजे विमान का अलबामा के मोबाइल स्थित एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर से संपर्क टूट गया था। सेसना 210 विमान न्यू ऑरलियन्स से उड़ान भरकर फोर्ट मायर्स, फ्लोरिडा जा रहा था।
कुछ समय बाद विमान मिसिसिपी के पास पास्कागौला और हॉर्न आइलैंड के बीच मैक्सिको की खाड़ी में गिर गया। शुरुआती तलाशी के दौरान बचाव दल को पानी में तीन लाइफ जैकेट, एक लाइफ राफ्ट और विमान का केबिन मिला। इसके बाद गोताखोरों ने विमान के अंदर से छह लोगों के शव निकाले।
खराब मौसम को लेकर जताई जा रही आशंका
हादसे के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, शुरुआती जानकारियों में खराब मौसम और विमान के पंखों पर बर्फ जमने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया है कि विमान के संपर्क टूटने से कुछ समय पहले पायलट को इलाके में बारिश और खराब मौसम की सूचना दी गई थी। उड़ान से पहले किसी तकनीकी खराबी की जानकारी नहीं दी गई थी और न ही पायलट की ओर से कोई इमरजेंसी कॉल की गई थी।
उड़ान संबंधी आंकड़ों के मुताबिक, विमान करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसके बाद अचानक उसकी ऊंचाई तेजी से कम होने लगी और वह दाईं ओर मुड़ गया। विशेषज्ञों का मानना है कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी या मौसम संबंधी समस्या पैदा हुई हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
FAA और NTSB करेंगे दुर्घटना की जांच
हादसे की जांच अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की ओर से की जाएगी। अधिकारी विमान के तकनीकी रिकॉर्ड, मौसम की स्थिति और उड़ान से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण कर रहे हैं।
मृतकों में शामिल ब्रेंट स्टोक्स और माइकल नॉक्स ने साल 2023 में निजी पायलट का प्रमाणपत्र हासिल किया था। माइकल नॉक्स के पास भी विमान उड़ाने का लाइसेंस था। फिलहाल, जांच एजेंसियां दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हैं।









