
मुंबई के कुर्ला स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन बीएमसी गार्डन में एक कपल के साथ हुई मारपीट का मामला अब नए विवाद में बदल गया है। इस घटना के बाद बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने गार्डन के पास बने कथित अवैध मदरसे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बीएमसी प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
बीएमसी को पत्र लिखकर की जांच की मांग
किरीट सोमैया ने 23 नवंबर को बीएमसी के एल वार्ड के सहायक आयुक्त अनिल जाधव को पत्र भेजा। इसमें उन्होंने 20 नवंबर को गार्डन में हुई मारपीट की घटना का जिक्र किया है। पत्र में दर्ज एफआईआर संख्या 1360 का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि आठ युवकों ने सौरभ और नेहा के साथ मारपीट की थी।
गार्डन की दीवार तोड़कर रास्ता बनाने का आरोप
सोमैया ने आरोप लगाया है कि गार्डन के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अवैध रूप से रास्ता बनाया गया है। उनका दावा है कि इसी रास्ते से युवक गार्डन के अंदर दाखिल हुए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवक गार्डन से सटे एक कथित अनधिकृत मदरसे से आए थे।
निर्माण की वैधता जांचने की मांग
बीजेपी नेता ने बीएमसी से संबंधित मदरसे के निर्माण और उसकी कानूनी स्थिति की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा गार्डन की दीवार तोड़कर बनाए गए रास्ते और प्रवेश द्वार की भी जांच करने को कहा है।
सोमैया ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल मदरसे को लेकर लगाए गए आरोपों और उसकी वैधता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









