संजय राउत ने की योगी आदित्यनाथ की तारीफ, बोले- ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं’

उत्तर प्रदेश की राजनीति के बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत का एक बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ करते हुए उन्हें हिंदुत्व का बड़ा चेहरा बताया। राउत ने यहां तक कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ नहीं हैं, तो उत्तर प्रदेश भी नहीं है। उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है।

‘योगी आदित्यनाथ सक्षम नेता हैं’

दरअसल, संजय राउत से जब पूछा गया कि क्या योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है, तो उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

राउत ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया है, तो यह काबिले तारीफ है। वह एक सक्षम व्यक्ति हैं और उन्हें भी योगी आदित्यनाथ पसंद हैं। उन्होंने कहा कि योगी हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं, जो सबसे ऊपर है। इसी दौरान उन्होंने कहा, ‘अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं।’

विधायकों के समर्थन को लेकर भी कही बड़ी बात

संजय राउत ने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ को पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी को बहुमत मिलेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद आने वाले विधायकों में ज्यादातर योगी का समर्थन करेंगे।

राउत के मुताबिक, विधायक दल का नेता ही मुख्यमंत्री चुना जाता है और योगी को विश्वास है कि विधायक उनके साथ खड़े रहेंगे।

जब उनसे पूछा गया कि क्या बीजेपी में कुछ नेता योगी आदित्यनाथ से नाराज हैं, तो उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक पार्टी में इस तरह की स्थिति देखने को मिलती है।

परिसीमन बिल पर भी INDIA गठबंधन में अलग-अलग राय

दूसरी ओर, INDIA गठबंधन के एक अन्य सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने परिसीमन बिल को लेकर अलग रुख के संकेत दिए हैं।

पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि पहले विधेयक को संसद में पेश होने देना चाहिए। इसके बाद उसकी पूरी जानकारी देखने और उस पर चर्चा करने के बाद ही कोई फैसला लिया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि विधेयक अच्छा हो। इसलिए उसके सभी प्रावधानों को समझने के बाद ही इस पर अपनी राय रखी जाएगी।

Back to top button