
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के सामने कड़ा रुख अपनाया है। तेहरान ने साफ कर दिया है कि जब तक उसकी सात शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष खत्म करने के लिए वाशिंगटन के साथ कोई बातचीत नहीं होगी। इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों के बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से हालात और गंभीर हो गए हैं।
क्या हैं ईरान की सात शर्तें?
ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालीबाफ ने मंगलवार को कहा कि उनकी सात मांगें पूरी होने के बाद ही अमेरिका के साथ बातचीत का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, ईरानी नेतृत्व ने इन सभी शर्तों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया है।
इन मांगों में देश पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटाना, ईरानी बंदरगाहों से अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करना और विदेशों में जब्त ईरानी संपत्तियों को वापस करना शामिल है।
गालीबाफ ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विरोधी पक्ष ने कोई गलती की तो ईरान इस संघर्ष का दायरा बढ़ा सकता है। उनके इस बयान से क्षेत्र में सैन्य टकराव की आशंका और बढ़ गई है।
होर्मुज में तीन तेल टैंकरों में लगी आग
ईरान ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए, जिसके बाद उनमें आग लग गई। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसैनिक शाखा ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि अमेरिकी हवाई सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ये जहाज बारूदी सुरंगों से प्रभावित हुए।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ऐसे में यहां बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार के लिए भी चिंता का विषय बन सकता है।
गाजा में इजरायली हमलों में 9 लोगों की मौत
दूसरी ओर, गाजा में इजरायल के हमले भी जारी हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात से मंगलवार सुबह के बीच किए गए चार हमलों में कम से कम नौ फलस्तीनियों की जान चली गई। मृतकों में हमास सरकार के गृह मंत्रालय से जुड़ा एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी शामिल बताया गया है।
वहीं, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने रियाद के वित्तीय क्षेत्र में स्थित एक टावर पर आतंकवादी हमले की जानकारी दी है। यह गठबंधन यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ अभियान चला रहा है।
बहरीन में अमेरिकी रडार सिस्टम नष्ट करने का दावा
इससे पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया था कि उसने बहरीन में मौजूद अमेरिका के अर्ली वॉर्निंग रडार सिस्टम को नष्ट कर दिया है। ईरान ने इसे अमेरिका के लिए गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि यदि उसकी सीमाओं का उल्लंघन किया गया या दोबारा हमला हुआ तो इसका जवाब पहले से अधिक सख्ती से दिया जाएगा।
लगातार बढ़ते सैन्य तनाव, होर्मुज में समुद्री घटनाओं और बातचीत से ईरान के इनकार ने मध्य पूर्व की स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है।








