
बलरामपुर सड़क हादसा: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के नजदीक बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
आमने-सामने टकराईं दोनों मोटरसाइकिलें
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 18 नवंबर की रात करीब 11 बजे हुआ। शुरुआती जांच और घटनास्थल के निरीक्षण में सामने आया है कि दोनों मोटरसाइकिलें विपरीत दिशा से आ रही थीं और उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। इस दौरान कुछ पैदल चल रहे लोग भी दुर्घटना की चपेट में आ गए। हादसे की वजह किसी पैदल यात्री को बचाने का प्रयास और उस समय मौजूद कोहरा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक और टूटे हेलमेट मिले
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को दो बुरी तरह क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें और दो टूटे हुए हेलमेट मिले। घटनास्थल पर एक बकरी भी मृत अवस्था में पाई गई। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने मृतकों के शवों को आवश्यक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और घायलों के परिवारों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के अनुसार, दुर्घटना रात लगभग 11 बजे उतरौला क्षेत्र के अक्षी बलहारा गांव के पास हुई थी। प्रारंभिक जांच में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है। आशंका है कि सड़क पर मौजूद किसी पैदल व्यक्ति को बचाने की कोशिश में बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ा और यह दुर्घटना हुई। कोहरे को भी हादसे की संभावित वजहों में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान कर ली गई है। वे बलहारा खुर्द, छपरतलवा और चंदापुर श्रीदत्तगंज के निवासी बताए गए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









