
लगातार कई दिनों की गिरावट के बाद सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के भाव में 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। सोने की कीमत एक झटके में करीब 3,100 रुपये तक बढ़ गई, जबकि चांदी भी 3,800 रुपये से ज्यादा महंगी हो गई।
सोने की कीमत में 3,116 रुपये तक की तेजी
सोमवार सुबह करीब 10:50 बजे MCX पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना 3,041 रुपये यानी 2.50 फीसदी की बढ़त के साथ 1,24,819 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
कारोबार की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई। सोना 2,665 रुपये की बढ़त लेकर 1,24,443 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला था। इससे पहले शुक्रवार को इसका भाव 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
कारोबार के दौरान सोने ने 1,24,894 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि इसका निचला स्तर 1,23,806 रुपये रहा। इस तरह पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले सोने की कीमत में अधिकतम 3,116 रुपये की तेजी दर्ज की गई।
चांदी के भाव में भी 3,856 रुपये का उछाल
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी शानदार तेजी देखने को मिली। सोमवार को MCX पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी 3,595 रुपये यानी 2.43 फीसदी की बढ़त के साथ 1,51,408 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
चांदी ने दिन की शुरुआत 1,240 रुपये की तेजी के साथ 1,49,053 रुपये प्रति किलोग्राम पर की थी। शुक्रवार को इसका भाव 1,47,813 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
कारोबार के दौरान चांदी की कीमत 1,51,669 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई, जबकि इसका निचला स्तर 1,49,053 रुपये रहा। इस तरह शुक्रवार के बंद भाव के मुकाबले चांदी में अधिकतम 3,856 रुपये की बढ़त दर्ज की गई।
शुक्रवार को सोने-चांदी में आई थी भारी गिरावट
इस तेजी से पहले शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार नौवें दिन गिरावट दर्ज की गई थी। उस दिन 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। इस कीमत में सभी टैक्स शामिल थे।
वहीं, चांदी की कीमत भी 4,000 रुपये गिरकर 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। लगातार गिरावट के बाद सोमवार को दोनों कीमती धातुओं में आई तेजी ने बाजार का रुख बदल दिया।








