
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई कनेक्टिविटी में हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र से उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काम कर रही डबल इंजन सरकार को दिया।
सीएम योगी के मुताबिक, सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरी कम करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे लोगों का समय बचता है और विकास के नए अवसर भी पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में इन सुविधाओं की स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन इसके बाद बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पहले उत्तर प्रदेश में केवल डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब प्रदेश में 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। इसी तरह, पहले हवाई सेवाएं कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब प्रदेश में 12 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क का विस्तार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले प्रदेश के किसी शहर में मेट्रो सेवा नहीं थी, जबकि अब 7 शहरों में मेट्रो लोगों को आवागमन की सुविधा दे रही है।

किसानों, युवाओं और कारोबार को मिल रहे नए अवसर
सीएम योगी ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ किसानों, कारोबारियों, युवाओं और आम नागरिकों को मिल रहा है। किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है, जबकि उद्यमियों के लिए कारोबार के नए अवसर बन रहे हैं। बेहतर परिवहन सुविधाओं से युवाओं की शिक्षा और रोजगार तक पहुंच आसान होने के साथ कामकाजी लोगों का समय भी बच रहा है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों और परिवारों की आजीविका को भी मजबूती मिल रही है। उनके अनुसार, गांवों से कस्बों और कस्बों से शहरों तक विकास की रफ्तार लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है।
सीएम योगी ने कहा कि हर क्षेत्र में नए अवसर, कारोबार को बढ़ावा और परिवारों की खुशहाली ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान बन रही है।









