जिलाधिकारी की जन सुनवाई में अब तक बने 211 आयुष्मान

अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लिया जायेः- डीएम
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : आज कलेक्ट्रेट कक्ष में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने बड़ी संख्या में आमजन की शिकायतों को सुना। आज जन सुनवाई में कुल 122 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को दिए। जन सुनवाई के दौरान पात्रों की वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन व दिव्यांग पेंशन बनवायी गयी। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनवाये गए। आज कुल 04 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बने। इस प्रकार जिलाधिकारी अनुनय झा की जन सुनवाई में अब तक कुल 211 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि पैमाइश व अंश निर्धारण के प्रकरणों के निस्तारण में देरी न की जाये। भूमि विवाद के स्थायी समाधान के लिए थाकबंदी के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कराया जाये। चकरोड व सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाये। जन सुनवाई के दौरान मुन्नी नाम की एक महिला का मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाया गय। एक महिला जिनके पति का देहांत हो चुका है, के पति का मृत्यु प्रमाण पत्र नगर पालिका से जारी करवाया गया। प्रमाण पत्र बन जाने के उपरांत उनका आवेदन निराश्रित महिला पेंशन के लिए कराया गया। कोमल नाम की एक बच्ची अपनी दादी के साथ जन सुनवाई में पहुँची। उसका जन्म प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बना था तथा उसकी माँ का देहांत हो चूका है। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी बावन को बच्ची और उसकी बहन का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने को कहा। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र बन जाने के बाद बच्चियों का आधार कार्ड बनवाया जाये। उसके बाद दोनों बच्चियों को स्पॉन्सरशिप योजना से आच्छादित कराया जाये तथा उनका नाम राशन कार्ड में शामिल कराया जाये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नहने राम, उप जिलाधिकारी अंकित तिवारी व उप जिलाधिकारी मयंक, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button