
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क संडीला / हरदोई संडीला क्षेत्र के आर. बी. इंटर कॉलेज समदखेड़ा के छात्रों ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईपीएल कंपनी का भ्रमण किया। छात्रों ने इस दौरान कंपनी में बनने वाले विभिन्न रसायनों सहित सुरक्षा मानकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कंपनी के महाप्रबंधक अजय भटनागर ने छात्रों को संबोधित करते हुए विभिन्न प्रकार के कार्बनिक यौगिकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्बनिक, अकार्बनिक व भौतिक रसायन के बारे में भी छात्रों से संवाद किया। उन्होंने इंडिया पेस्टिसाइड लिमिटेड में बनाए जा रहे कीटनाशक पदार्थ, उनके उपयोग सहित तमाम जानकारियां साझा की। उन्होंने बताया कि कंपनी में किसी भी प्रकार के केमिकल को बाहर फेंका नहीं जाता है बल्कि उसे उपयोग में लिया जाता है। इसके अलावा उन्होंने छात्रों से पर्यावरण प्रदूषण, कंपनी में आग लगने पर सावधानियां सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की। कंपनी के एचआर मैनेजर अशरफ अली ने छात्रों को कीटनाशक के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए छात्रों के सवालों के जवाब दिए। आईपीएल के सेफ्टी मैनेजर आलोक पाल ने छात्रों को विभिन्न प्रकार के रसायनो के बारे में जागरूक किया। बाद में कंपनी के एचआर ने छात्रों को भ्रमण कराया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार पटेल, अमित कुमार मौर्य, घनश्याम सिंह सहित कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।










