विद्यार्थियों ने स्वच्छ कुंभ के संकल्प को दिया नया आयाम

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क प्रयागराज : लाला मनमोहन दास इंटरमीडिएट कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर 18 में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ कुंभ के संकल्प को मेला समाप्ति के बाद भी जीवंत रखा।

कॉलेज के 100 से अधिक एनसीसी, स्काउट एवं गाइड छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ मिलकर एक घंटे से अधिक समय तक सफाई की। उन्होंने झाड़ू लगाकर सड़कों और नालियों में फैले पॉलिथीन व अन्य कचरे को एकत्र किया। विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. निरंजन कुमार सिंह, सेक्टर 18 एवं 19 के सेक्टर मजिस्ट्रेट और समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। डॉ. सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ समाप्ति के बाद भी गंगा के कछार को स्वच्छ बनाए रखना आवश्यक है।

शिक्षकों ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। झूंसी के गंगा तटवर्ती इस कॉलेज के विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी स्वच्छता अभियान जारी रखेंगे और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button