12.5 किलो गांजा और हथियारों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार!

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : मड़ियावं थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध गांजा तस्करी में लिप्त दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.570 किलोग्राम अवैध गांजा, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

25 मार्च 2025 को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि डायग्नोस्टिक सेंटर के पास झोपड़ पट्टी इलाके में संदिग्ध व्यक्ति अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सफेद रंग की एक कार को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसमें दो व्यक्ति बैठे हुए थे।

पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम मनी शर्मा और तुकराम बताए। तलाशी लेने पर मनी शर्मा के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस मिला, जबकि तुकराम के पास से भी एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

कार से मिला भारी मात्रा में गांजा!

जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखा गया 12.570 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे दो बड़े पैकेट में रखा गया था। पहले पैकेट का वजन 6.696 किलोग्राम और दूसरे पैकेट का वजन 5.874 किलोग्राम था।

कानूनी कार्रवाई

गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट व धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करी पर एक और करारा प्रहार हुआ है। पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे शहर में अवैध गतिविधियों पर लगाम लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button