Kanpur Bus Accident News: “कानपुर-इटावा हाईवे पर पनकी के पास तीर्थयात्रियों से भरी डबल डेकर बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 50 यात्री घायल हो गए। बस नासिक से नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर जा रही थी।”
कानपुर। कानपुर में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कानपुर-इटावा हाईवे पर पनकी के सरायमीता इलाके के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए एलएलआर अस्पताल भेजा गया है।
नासिक से नेपाल जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार डबल डेकर बस में कुल 57 तीर्थयात्री सवार थे। सभी यात्री नासिक से अयोध्या होते हुए नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे।
ट्रक को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे पनकी के सरायमीता के पास हाईवे किनारे एक ट्रक खराब खड़ा था। उसे बचाने के लिए आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। उसके पीछे चल रहे टेलर चालक ने भी ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस टेलर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस की सीटें टेलर में फंस गईं और उसमें लदी टाइल्स भी टूटकर बिखर गईं।
रेस्क्यू कर निकाले गए यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एनएचएआई और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मनोज भदौरिया (पनकी थाना प्रभारी) के अनुसार बस में कुल 57 लोग सवार थे, जिनमें कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
दो यात्रियों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे में 56 वर्षीय भागीरथी, जो नासिक की रहने वाली थीं, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस मालिक 55 वर्षीय मनोज कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद हाईवे की दोनों लेन में करीब आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और टेलर को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”






