
UP Politics: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म होने लगा है। राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और बयानबाजी का दौर भी तेज हो गया है। इसी बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। ओवैसी ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी डोर अल्लाह के हाथ में है, जबकि अखिलेश यादव की डोर बीजेपी के हाथ में है। उनका यह बयान अब यूपी की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ओवैसी बोले- हमारी डोर अल्लाह के हाथ में है
अखिलेश यादव ने ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधते हुए कहा था कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ सियासी सैलानी सक्रिय हो जाते हैं। उनकी डोर बीजेपी के हाथ में होती है और उन्हें जितनी ढील दी जाती है, वे उतना ही आगे बढ़ते हैं।
अखिलेश के इसी बयान पर जवाब देते हुए ओवैसी ने कहा, “तुमको गलतफहमी हो गई है। हमारी डोर अल्लाह के हाथ में है, लेकिन तुम्हारी डोर बीजेपी के हाथ में है।” उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राज्यसभा में उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी सवाल खड़े किए।
राज्यसभा सांसद के चयन पर अखिलेश को घेरा
ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव ने राज्यसभा में ऐसे व्यक्ति को सांसद बनाया, जिनके पिता ने झारखंड में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को चुनाव में हराया था। इसके बावजूद उनके बेटे को राज्यसभा भेजा गया। ओवैसी का इशारा धनराज नाथवानी और उनके बेटे परिमल नाथवानी की ओर था।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी का कोई छोटा कार्यकर्ता भी ऐसा करता, जिसके पिता बीजेपी के साथ होते, तो पूरी मीडिया उनके पीछे पड़ जाती। ओवैसी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे इस रिश्ते के बारे में भी सवाल पूछा जाना चाहिए।
अखिलेश ने ओवैसी और चंद्रशेखर को बताया था सियासत का सैलानी
दरअसल, एक दिन पहले आगरा में अखिलेश यादव ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि बीजेपी हाल के चुनावों में हार के बाद कई सियासी सैलानी नजर आने लगे हैं। चुनाव करीब आते ही ऐसे लोग सक्रिय हो जाते हैं और उनका ओटीपी कहीं और से आता है।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को लेकर भी बढ़ी चर्चा
बता दें कि एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर यूपी की राजनीति में हलचल है। दोनों दलों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में पेश करने की बात कही है। ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन किस तरह समीकरण बदलता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।








