UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल ‘योगी की पाती’ ने अपने 50 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए सरकार की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में योगी की पाती के 50 सप्ताह के सफर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही वह 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई जाने वाली विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
कॉफी टेबल बुक में दिखेगी जनता से संवाद की कहानी
‘योगी की पाती’ सिर्फ मुख्यमंत्री के संदेशों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके जरिए प्रदेश की जनता से सीधे संवाद करने की कोशिश की गई है। कॉफी टेबल बुक में बीते 50 सप्ताह के प्रमुख संदेशों, विचारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया है। इसमें किसान, नौजवान, महिलाएं, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आस्था और विकास जैसे विषयों को जगह दी गई है। पुस्तक के माध्यम से यह दिखाने की कोशिश होगी कि किस तरह इन संदेशों ने सरकार और आम लोगों के बीच संवाद का रास्ता तैयार किया।
1090 परिसर में दिखाई जाएगी योगी की पाती की पूरी यात्रा
50 सप्ताह की इस यात्रा को खास बनाने के लिए 1090 परिसर में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें अलग-अलग सप्ताहों की थीम, मुख्यमंत्री की पातियों के संदेश और उनसे जुड़े सामाजिक मुद्दों को चित्रों और रचनात्मक माध्यमों से दिखाया जाएगा। प्रदर्शनी का मकसद लोगों को इस पहल के बारे में जानकारी देना और इसके जरिए उठाए गए जनसरोकारों से परिचित कराना है।
सात दिन, सात पातियां और सात सांस्कृतिक संध्याएं
इस आयोजन को सात दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का रूप दिया गया है। हर दिन की शाम योगी की पाती की एक खास थीम पर आधारित होगी। सोमवार को मिट्टी की पाती में किसान, खेती और गोवंश संरक्षण की बात होगी। मंगलवार को बेटी की पाती के जरिए महिला सुरक्षा, सम्मान और बेटियों के सपनों को दिखाया जाएगा। बुधवार की नौजवान की पाती में रोजगार, कौशल और युवाओं की उम्मीदों को जगह मिलेगी।
आस्था, विकास और सुरक्षित यूपी पर भी रहेगा फोकस
गुरुवार को आस्था की पाती में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत दिखाई जाएगी। शुक्रवार की रफ्तार की पाती में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक विकास को केंद्र में रखा जाएगा। शनिवार की सुकून की पाती सुरक्षित उत्तर प्रदेश, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा पर आधारित होगी। वहीं रविवार को आपकी पाती के जरिए बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।








