“12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रनिंग रूम, चिकित्सालयों और संस्थानों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। DRM गौरव अग्रवाल ने कर्मचारियों को योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।“
लखनऊ। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम बढ़ती उम्र में शारीरिक सक्रियता, मानसिक मजबूती और समग्र स्वास्थ्य को बनाए रखने में योग की भूमिका को रेखांकित करती है। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कोचिंग डिपो, रनिंग रूम, लॉबी, चिकित्सालयों और मनोरंजन संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने भाग लिया।

मुख्य कार्यक्रम रेलवे अधिकारी क्लब ‘संस्कृति’, बंदरियाबाग में आयोजित किया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से अपील की कि वे अपने व्यस्त जीवन से प्रतिदिन कुछ समय निकालकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का सर्वोत्तम माध्यम है।

उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों से बचाव संभव है। योग न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार भी करता है।
मंडल के अन्य प्रमुख केंद्रों पर भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। रेलवे मनोरंजन संस्थान बादशाहनगर, रेलवे मनोरंजन संस्थान ऐशबाग, अवध रनिंग रूम लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर जंक्शन, रेलवे मनोरंजन संस्थान गोण्डा, डीजल लॉबी गोरखपुर, रेलवे चिकित्सालयों, रेलवे सुरक्षा बल की बैरकों तथा विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विशेष योग सत्र आयोजित किए गए।

योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए त्रिकोणासन, पादहस्तासन, उष्ट्रासन, अर्धचक्रासन, शलभासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और अन्य प्राणायामों का अभ्यास कराया। साथ ही उच्च रक्तचाप, गठिया, मधुमेह, हृदय रोग, गैस एवं कब्ज जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के नियंत्रण और निवारण में योग की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के समापन पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने मुख्य आयोजन स्थल पर उपस्थित योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अन्य केंद्रों पर नामित अधिकारियों द्वारा भी प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं, विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों, भारत स्काउट एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों, रेलवे कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने स्वास्थ्य जागरूकता, सामूहिक सहभागिता और योग के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को नई मजबूती प्रदान की।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








