Kulgam Encounter: सेना का बड़ा एक्शन, लश्कर कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकी ढेर

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां आतंकियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकियों में संगठन का टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। लतीफ लंबे समय से सुरक्षाबलों के निशाने पर था और उस पर कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप था।

इस ऑपरेशन में भारतीय सेना के जवानों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। सुरक्षाबलों ने इलाके में घेराबंदी कर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस मुठभेड़ को हाल ही में कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

CRPF के तीन जवान हुए थे घायल

दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर हमला किया था। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया था।

हमले की गंभीरता को देखते हुए CRPF के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भी सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने कश्मीर पहुंचे थे। इस दौरान आतंकियों की तलाश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई थी।

हमले का मास्टरमाइंड था आतंकी

कुलगाम में हुए हमले के बाद से ही लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की तलाश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि वह इस हमले की साजिश में शामिल था। सुरक्षाबलों को उसकी गतिविधियों को लेकर कुछ अहम सुराग मिले थे, जिसके बाद ऑपरेशन को आगे बढ़ाया गया।

लतीफ भट को सुरक्षाबलों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा था। उसके मारे जाने से लश्कर-ए-तैयबा को बड़ा झटका लगा है। हालांकि, इलाके में दूसरे संभावित आतंकियों की तलाश को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है।

पूरे प्रदेश में बढ़ाया गया अलर्ट

CRPF के विशेष महानिदेशक संदीप खिरवार ने सोमवार को बताया था कि कुलगाम में 11 नवंबर को हुए हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे और इसके बाद सुरक्षाबलों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया।

उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षाबलों को हमलावरों के बारे में पहले ही कुछ अहम सुराग मिल गए थे। इसी आधार पर आतंकियों की तलाश तेज की गई।

24 घंटे में आतंकियों ने की दो SPO की हत्या

कुलगाम हमले के बाद आतंकियों ने किश्तवाड़ जिले में भी बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। यहां 24 घंटे के भीतर दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या कर दी गई थी।

बताया गया कि दोनों SPO एक आतंकवाद विरोधी अभियान में सेना की मदद के लिए जा रहे थे। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। कुलगाम में लश्कर कमांडर के मारे जाने को आतंकियों के खिलाफ अभियान में अहम सफलता माना जा रहा है।

Back to top button