“कानपुर मामले में सामने आया अंतरराज्यीय रैकेट, मेरठ के अस्पताल से दिल्ली तक फैला नेटवर्क; कई डॉक्टर फरार, लुकआउट नोटिस जारी“
कानपुर । उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित किडनी कांड में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि अवैध किडनी ट्रांसप्लांट का पूरा नेटवर्क अलग-अलग शहरों में फैला हुआ था—जहां जांच कहीं और होती थी, ऑपरेशन किसी और शहर में और बाद की देखभाल दूसरी जगह पर की जाती थी।
जांच में पता चला है कि मेरठ के एक निजी अस्पताल में डोनर और मरीजों की जांच की जाती थी, जबकि ट्रांसप्लांट दिल्ली के अस्पतालों में कराया जाता था। ऑपरेशन के तुरंत बाद डोनर और मरीज को दूसरे नर्सिंग होम में शिफ्ट कर दिया जाता था, ताकि किसी तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।
पूछताछ में खुला पूरा खेल
पुलिस और सीएमओ की टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ है। आरोपियों ने कई डॉक्टरों के नाम भी बताए हैं, जो इस अवैध नेटवर्क में शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, कुछ डॉक्टरों द्वारा बड़े पैमाने पर किडनी ट्रांसप्लांट कराए जाने की जानकारी मिली है। फिलहाल इनकी तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है, लेकिन आरोपी फरार हैं।
दिल्ली-एनसीआर से लेकर दक्षिण भारत तक फैला नेटवर्क
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इस अवैध रैकेट का केंद्र दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र है, लेकिन इसके तार मुंबई और दक्षिण भारत के अस्पतालों तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, इन कड़ियों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
लाइसेंस निलंबित, अस्पताल को नोटिस
मेरठ के जिस अस्पताल का नाम सामने आया है, उसका लाइसेंस पहले भी निलंबित किया जा चुका है। अब मामले में नाम आने के बाद सीएमओ ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
सीसीटीवी बंद कर कराए जाते थे ऑपरेशन
जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रांसप्लांट के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे बंद करा दिए जाते थे और स्टाफ को छुट्टी पर भेज दिया जाता था, ताकि किसी तरह का रिकॉर्ड न रहे।
लुकआउट नोटिस जारी, वित्तीय जांच शुरू
फरार डॉक्टरों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है। पुलिस ने उनके बैंक खातों की जांच भी शुरू कर दी है और संदिग्ध लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कई राज्यों में संयुक्त कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








