
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर खीरी : आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील पलिया में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को डीएम ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए गरीब, पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिकता दें तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के दौरान शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी समस्या को समझना आवश्यक है, जिससे संतुष्टिपरक निस्तारण हो सके। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 68 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 43 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि पुलिस के 09, विकास के 03, विद्युत के 03, नगर पालिका के 02, आपूर्ति विभाग का 01 तथा अन्य विभागों के 07 प्रार्थना पत्र शामिल रहे। सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अमित राय, उपजिलाधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समाधान दिवस के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया गया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार एवं अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं। योजनाओं का लाभ पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलकती नजर आई।






