“गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन के लिए हरदोई के मल्लावां छोटी काशी में सभी तैयारियां पूरी। 29 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण करेंगे। लाखों लोगों के पहुंचने का अनुमान।“
हरदोई । जनपद के मल्लावां छोटी काशी में गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 29 अप्रैल 2026 को यहां पहुंचकर देश के महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल है।

स्थानीय लोगों के लिए यह पल बेहद गौरवपूर्ण माना जा रहा है। हरदोई जनपद और विशेष रूप से मल्लावां छोटी काशी के लिए यह ऐतिहासिक अवसर होगा, जब देश के सर्वोच्च नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पहुंचेंगे और अपने करकमलों से गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे।
स्थानीय विधायक आशीष सिंह आशु ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सर्वोच्च नेता का मल्लावां छोटी काशी में आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और खुशी का विषय है। साथ ही प्रधानमंत्री यहां से गंगा एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करेंगे, जिससे प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के यातायात तंत्र को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। दूर-दराज और आसपास के जिलों से आने वाले लोगों के लिए छाया, भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। प्रशासन और आयोजन समिति लगातार तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
अनुमान है कि गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन समारोह में एक से डेढ़ लाख लोग शामिल होकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मंत्री जसवंत सिंह सैनी तथा सांसद अशोक कुमार रावत समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के उपस्थित रहने की संभावना है।
गंगा एक्सप्रेसवे को देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में शामिल माना जा रहा है। इसके शुरू होने से उत्तर प्रदेश के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी। साथ ही व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”







