पीएम नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में किए दर्शन, गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण के लिए रवाना

काशी प्रवास के दूसरे दिन सुबह-सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे प्रधानमंत्री, विधि-विधान से किया पूजन-अभिषेक; बाबतपुर एयरपोर्ट से शाहजहांपुर के लिए भरी उड़ान

पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काशी प्रवास के दूसरे दिन बुधवार सुबह बाबा विश्वनाथ दरबार में हाजिरी लगाकर दर्शन-पूजन किया। सुबह बरेका गेस्ट हाउस से निकलकर वह सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने विधि-विधान से बाबा का रुद्राभिषेक और पूजन-अर्चन किया।

मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, जबकि श्रद्धालुओं में भी प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को उत्सुकता दिखाई दी। मंदिर पहुंचने पर 51 ब्राह्मणों ने शंखध्वनि के साथ उनका स्वागत किया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

त्रिशूल और डमरू भेंट कर हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंदिर प्रशासन की ओर से त्रिशूल और डमरू भेंट कर किया गया। विधायक सौरभ श्रीवास्तव और महापौर अशोक तिवारी ने उन्हें यह प्रतीक चिन्ह सौंपे। इसके बाद प्रधानमंत्री गर्भगृह पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन की प्रक्रिया संपन्न हुई।

पुजारी संजय पांडेय, ओमप्रकाश मिश्र तथा सहायक पुजारी अंकित भारती ने प्रधानमंत्री से षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक कराया। प्रधानमंत्री ने कुछ समय तक मंदिर परिसर में रुककर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद भी लिया।

विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का लिया जायजा

दर्शन-पूजन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर परिसर में स्थापित विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का अवलोकन किया। उन्होंने घड़ी की कार्यप्रणाली को ध्यानपूर्वक देखा और उससे जुड़ी जानकारी भी ली। यह घड़ी भारतीय समय गणना और वैदिक परंपरा का आधुनिक स्वरूप मानी जाती है।

प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर से गंगा घाट की ओर मौजूद श्रद्धालुओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान कुछ छोटे बच्चों से भी उन्होंने आत्मीय बातचीत की, जिससे वहां मौजूद लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।

बाबतपुर एयरपोर्ट से गंगा एक्सप्रेसवे कार्यक्रम के लिए रवाना

मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री सीधे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने सुबह करीब 10:45 बजे उड़ान भरी।

एयरपोर्ट पर भी बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही और पूरा परिसर सुरक्षा घेरे में नजर आया।

उड़ानों पर भी पड़ा असर

प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान के चलते बाबतपुर एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा। वाराणसी से मुंबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट प्रधानमंत्री के रवाना होने के बाद ही उड़ान भर सकी। वहीं दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान लगभग एक घंटे देरी से रवाना हुई। चेन्नई से आने वाली इंडिगो फ्लाइट भी करीब एक घंटे की देरी से लैंड कर सकी।

काशी से विकास और आस्था का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा एक बार फिर आस्था और विकास के संगम का संदेश देता नजर आया। एक ओर उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में माथा टेका, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए रवाना होकर विकास को नई रफ्तार देने का संकेत दिया।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button