“उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड मोड में बदला जाएगा। 15 मई से 30 जून तक बिजली बिल शिकायतों के समाधान के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं को अब पहले की तरह बिजली बिल मिलेगा। “
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को फिर से पोस्टपेड मोड में बदला जाएगा और उपभोक्ताओं को पहले की तरह महीने के अंत में बिजली बिल मिलेगा। सरकार ने बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए 15 मई से 30 जून तक विशेष कैंप लगाने का भी निर्णय लिया है।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि प्रदेशभर में अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी कार्यालयों पर सहायता केंद्र और शिकायत निस्तारण कैंप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके।
सरकार के फैसले के अनुसार अब नए बिजली कनेक्शन भी स्मार्ट मीटर के पोस्टपेड मोड में ही दिए जाएंगे। प्रदेश में अब तक लगाए जा चुके 83 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को भी चरणबद्ध तरीके से पोस्टपेड मोड में परिवर्तित किया जाएगा। इस संबंध में पावर कॉरपोरेशन के एमडी नितीश कुमार ने सभी डिस्कॉम कंपनियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
नई व्यवस्था के तहत मई महीने की बिजली खपत का बिल उपभोक्ताओं को 10 जून तक एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा। बिल जमा करने के लिए 15 दिन का समय मिलेगा। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं होने पर अगले सात दिनों में बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने बकाया बिल जमा करने के लिए भी राहत दी है। 30 अप्रैल तक के बकाया बिल घरेलू उपभोक्ता 10 किस्तों में जमा कर सकेंगे, जबकि अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को तीन किस्तों में भुगतान की सुविधा मिलेगी।
स्मार्ट प्रीपेड मीटरों में तकनीकी दिक्कतों और उपभोक्ताओं की शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाया था। इसके बाद 4 मई को ऊर्जा मंत्री ने स्मार्ट प्रीपेड व्यवस्था समाप्त करने की घोषणा की थी।
बिजली बिल प्राप्त करने और मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए अलग-अलग डिस्कॉम के व्हाट्सएप नंबर भी जारी किए गए हैं—
- पूर्वांचल डिस्कॉम : 8010968292
- मध्यांचल डिस्कॉम : 7669003409
- पश्चिमांचल डिस्कॉम : 7859804803
- दक्षिणांचल डिस्कॉम : 8010957826
- केस्को कानपुर : 8287835233
उपभोक्ता इन नंबरों पर अपना बिजली कनेक्शन नंबर भेजकर बिल प्राप्त कर सकेंगे। यदि मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड नहीं है या गलत दर्ज है तो उसे भी व्हाट्सएप के माध्यम से अपडेट कराया जा सकेगा।
पावर कॉरपोरेशन ने निर्देश दिए हैं कि यदि स्मार्ट मीटर की ऑटोमैटिक रीडिंग उपलब्ध नहीं होती है तो मैनुअल रीडिंग लेकर हर हाल में 10 तारीख तक बिल जारी किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”






