स्वदेशी उन्नत गोवंश से समृद्ध उत्तर प्रदेश बना रही योगी सरकार

‘स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ के जरिए डेयरी सेक्टर में निवेश, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया विस्तार

स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम 2026 के तहत 14 मई को आगरा में किसान, गोपालक, निवेशक और दुग्ध उत्पादक जुटेंगे। योगी सरकार स्वदेशी उन्नत गोवंश, डेयरी निवेश और नंद बाबा दुग्ध मिशन के जरिए उत्तर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है। आगरा-अलीगढ़ मंडल से 5000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

लखनऊ। Yogi Adityanath के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार स्वदेशी उन्नत गोवंश आधारित डेयरी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। दुग्ध विकास विभाग की ओर से आयोजित किए जा रहे ‘स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ के माध्यम से किसानों, पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों, निवेशकों और उद्यमियों को एक मंच पर लाकर डेयरी क्षेत्र में नए अवसरों पर संवाद स्थापित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 14 मई को आगरा स्थित RBS College के राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम में आगरा और अलीगढ़ मंडल के पशुपालकों, डेयरी उद्यमियों और निवेशकों के साथ विशेष समागम आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन मंत्री Dharampal Singh करेंगे।

‘स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य-खुशहाल उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित इस समागम का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ डेयरी क्षेत्र में निवेश और तकनीकी विस्तार को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में स्वदेशी गायों की उन्नत नस्लों, गोपालन, दुग्ध उत्पादन, बायोगैस, डेयरी प्लांट और संबंधित उद्योगों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।

समागम में नंदिनी कृषक समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना से जुड़े लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे। पशुपालक बताएंगे कि सरकारी योजनाओं से उनकी आय और उत्पादन क्षमता में किस तरह वृद्धि हुई है। वहीं डेयरी क्षेत्र से जुड़े निवेशक और उद्यमी नए प्रोजेक्ट और साझेदारी की संभावनाएं तलाशेंगे।

दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के अनुसार, प्रदेश में डेयरी क्षेत्र को लेकर अब तक करीब 28 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें आगरा और अलीगढ़ मंडल से ही पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव शामिल हैं। नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत दोनों मंडलों के 762 लाभार्थियों को 500 लाख रुपये से अधिक की अनुदान राशि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तिकरण और किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बनाना है। इसी रणनीति के तहत ‘स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ को पूरे प्रदेश में आयोजित किया जाएगा। जून में मुरादाबाद-बरेली, जुलाई में लखनऊ, अगस्त में अयोध्या-देवीपाटन, सितंबर में कानपुर-झांसी, अक्टूबर में गोरखपुर-बस्ती, नवंबर में प्रयागराज-चित्रकूट और दिसंबर में वाराणसी, आजमगढ़ एवं विंध्याचल मंडलों में यह कार्यक्रम प्रस्तावित है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button