मेरठ की जीलू ने रचा इतिहास, अंग्रेजी में 100 में 100 अंक पाने वाली देश की इकलौती छात्रा बनीं

सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन; सेल्फ स्टडी, अनुशासन और मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता

मेरठ की जीलू उपाध्याय ने CBSE 12वीं परीक्षा 2026 में इतिहास रच दिया। सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल की छात्रा जीलू ने अंग्रेजी विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर देशभर में परफेक्ट स्कोर पाने वाली इकलौती छात्रा बनने का गौरव हासिल किया।

मेरठ। जीलू उपाध्याय ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2026 में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल की छात्रा जीलू ने अंग्रेजी विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है।

सीबीएसई की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष पूरे देश में अंग्रेजी विषय में पूर्णांक हासिल करने वाली वह इकलौती छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से मेरठ समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खुशी का माहौल है।

साधारण परिवार की बेटी ने किया असाधारण प्रदर्शन

जीलू के पिता नरेंद्र कुमार भारतीय सेना की इंजीनियरिंग रेजिमेंट में सैपर के पद पर कार्यरत रह चुके हैं, जबकि उनकी माता पारुल देवी हैं। साधारण परिवार से आने वाली जीलू ने अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया।

जीलू ने बताया कि परिणाम देखने के बाद उन्हें पहले विश्वास ही नहीं हुआ कि अंग्रेजी में उन्हें पूरे 100 अंक मिले हैं। बाद में जब पुष्टि हुई तो परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल बन गया।

विषयवार अंक भी रहे शानदार

जीलू ने अन्य विषयों में भी बेहतरीन अंक हासिल किए। अंग्रेजी कोर में उन्हें 100/100 अंक मिले, जबकि इकोनोमिक्स में 95, अकाउंटेंसी में 92, एप्लाइड मैथेमेटिक्स में 90 और बिजनेस स्टडीज में 87 अंक प्राप्त हुए।

अतिरिक्त विषय हिंदुस्तानी म्यूजिक वोकल में भी उन्होंने 96 अंक हासिल किए। वहीं वर्क एक्सपीरियंस, हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन और जनरल स्टडीज में ए-1 ग्रेड प्राप्त किया।

“सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं”

जीलू ने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी उनका पसंदीदा विषय है और उन्होंने पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का लगातार अभ्यास किया।

उनका कहना था कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, अवधारणाओं की स्पष्ट समझ और लगातार मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।

दिल्ली विश्वविद्यालय से बीबीए करने का सपना

जीलू ने सीयूईटी परीक्षा भी दी है। उन्होंने अकाउंट्स, इकोनोमिक्स, बिजनेस स्टडीज और अंग्रेजी विषयों के साथ परीक्षा दी। अब उनका सपना दिल्ली विश्वविद्यालय से बीबीए करने का है।

उन्होंने कहा कि उनकी रुचि बिजनेस और फाइनेंस के क्षेत्र में है और भविष्य में वह सफल व्यवसायी बनना चाहती हैं। पढ़ाई के अलावा उन्हें वाद-विवाद प्रतियोगिताओं और साहित्य पढ़ने का भी शौक है।

शिक्षिकाओं ने बताया समर्पण का परिणाम

जीलू की अंग्रेजी शिक्षिका नीता कपूर ने बताया कि छात्रा ने पूरे वर्ष बेहद अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई की। वह शांत स्वभाव की और कक्षा में बेहद ध्यान से पढ़ने वाली छात्रा रही हैं।

वहीं स्कूल की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष नीता माथुर ने कहा कि जीलू की सफलता करोड़ों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि जीलू हर उत्तर को कई बार लिखकर अभ्यास करती थीं और लगातार सुधार करती रहती थीं।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल प्रतिभा नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और परिवार-शिक्षकों के सहयोग का परिणाम है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button