कानपुर पुलिस का बड़ा खुलासा, मेडिकल स्टोर संचालक निकला अवैध हथियार सप्लायर; तीन पिस्टल बरामद

महाराजपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक मो. अजीम खान को तीन पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी खंडवा से 30 हजार रुपये में हथियार लाकर कानपुर में 50 हजार रुपये में बेचता था।

कानपुर। कानपुर में महाराजपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक को तीन पिस्टल के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मध्य प्रदेश के खंडवा से पिस्टल लाकर कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेचता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी एक पिस्टल करीब 30 हजार रुपये में खरीदता था और उसे 50 हजार रुपये तक में बेच देता था। हथियार लाने के लिए वह कभी बस तो कभी बाइक से खंडवा जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बच सके।

फतेहपुर का रहने वाला है आरोपी

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान फतेहपुर के कोतवाली क्षेत्र स्थित छोटी बाजार निवासी मो. अजीम खान के रूप में हुई है। आरोपी मेडिकल स्टोर संचालित करता था। पूछताछ में उसने बताया कि उसने बायोलॉजी से बीएससी की पढ़ाई की है।

पुलिस के मुताबिक मेडिकल स्टोर से पर्याप्त कमाई नहीं होने के कारण वह अपराध की दुनिया में उतर गया। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में फतेहपुर कोतवाली में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। इसी साल उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई हुई थी और वह जेल गया था।

जेल में हुई हथियार सप्लायर से मुलाकात

पूछताछ में अजीम ने बताया कि जेल में उसकी मुलाकात प्रशांत नाम के एक आरोपी से हुई थी। प्रशांत अवैध पिस्टल रखने के मामले में जेल में बंद था। बातचीत के दौरान उसने अजीम को हथियार बेचने के धंधे में शामिल होने का सुझाव दिया।

आरोपी के अनुसार प्रशांत ने उससे कहा था कि एक पिस्टल बेचने पर 15 से 20 हजार रुपये तक की कमाई हो सकती है। इसके बाद दोनों ने मिलकर हथियार सप्लाई का काम शुरू कर दिया।

अब तक 8 से 10 पिस्टल बेचने का दावा

अजीम ने पुलिस को बताया कि जेल से बाहर आने के बाद उसने ज्यादा संख्या में हथियार नहीं बेचे, लेकिन करीब 8 से 10 पिस्टल की सप्लाई कर चुका है। इस बार वह तीन पिस्टल लेकर आया था, लेकिन पुलिस की चेकिंग में पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज

डीसीपी पूर्वी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके साथी प्रशांत और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी ने अब तक किन लोगों को हथियार बेचे हैं और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।

पुलिस कोर्ट से अनुमति लेकर आरोपी के विस्तृत बयान भी दर्ज करेगी, ताकि पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button