UP Politics: PDA में ‘A’ अब अग्रवाल! अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट से की अपील

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ कथित दुर्व्यवहार और हिंसा के आरोपों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रशासन से आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र तुरंत जारी करने की मांग की। साथ ही चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मामले का संज्ञान लेने की अपील की।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चुनाव परिणाम का इंतजार कर रहे अग्रवाल समाज में प्रत्याशी के साथ कथित दुर्व्यवहार के वीडियो सामने आने से नाराजगी है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि सपा प्रत्याशी के साथ ऐसा व्यवहार कितना उचित है। साथ ही प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

PDA में ‘A’ का मतलब अग्रवाल भी

अखिलेश यादव ने अपने बयान में समाजवादी पार्टी की PDA अवधारणा का जिक्र करते हुए कहा कि अब इसमें ‘A’ का मतलब अग्रवाल भी है। उन्होंने डॉ. आकाश अग्रवाल के समर्थन में खड़े रहने की बात कही और अग्रवाल समाज के मान-सम्मान का मुद्दा उठाया।

चुनाव आयोग और प्रशासन से कार्रवाई की मांग

सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने और प्रशासन से डॉ. आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट से भी मामले पर ध्यान देने की अपील की।

आगरा शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान कथित अनियमितताओं, देरी और प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद को लेकर राजनीतिक तनाव बना हुआ है। समाजवादी पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। अब मामले में प्रशासन की कार्रवाई और आधिकारिक चुनाव परिणाम पर सबकी नजर है।

Back to top button