“लुधियाना की पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ। परिवार ने मोगा निवासी युवक पर जबरन शादी का दबाव बनाने और अपहरण के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है।“
लुधियाना। यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर हत्याकांड ने पूरे पंजाब में सनसनी फैला दी है। पंजाब की चर्चित पंजाबी गायिका यशइंदर कौर का शव सोमवार सुबह नीलो नहर से बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि सिंगर को करीब छह दिन पहले गन प्वाइंट पर अगवा किया गया था, जिसके बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।
परिवार के मुताबिक, मोगा निवासी एक युवक लंबे समय से यशइंदर कौर पर शादी करने का दबाव बना रहा था। जब सिंगर ने शादी से इनकार कर दिया तो आरोपी ने कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया। परिजनों का आरोप है कि हत्या की पूरी साजिश पहले से रची गई थी।
परिवार ने दावा किया है कि आरोपी युवक कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह दोबारा नेपाल के रास्ते कनाडा फरार हो गया। इस खुलासे के बाद पुलिस अब अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, करीब तीन साल पहले यशइंदर कौर की आरोपी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बाद में सिंगर को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बाद उन्होंने उससे दूरी बना ली और शादी से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखने लगा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि यशइंदर कौर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि एक भाई लुधियाना के जमालपुर इलाके में रहता है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पंजाब पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने भी घटना पर दुख जताया है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








