गोंडा, 19 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा दौरे के दौरान देवीपाटन मंडल के लिए विकास का बड़ा खाका मंजूर करते हुए 4901.65 करोड़ रुपये की लागत वाली एक हजार से अधिक परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग की योजनाओं की प्रगति का आकलन किया और जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए विकास प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण देखा।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से देवीपाटन मंडल के प्रमुख धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने मां पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ, स्वामीनारायण मंदिर, मखौड़ा धाम तथा अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 प्रमुख मार्गों के विकास कार्यों को मंजूरी दी। उनका कहना था कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुगम यातायात व्यवस्था आवश्यक है।
बैठक के दौरान गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जिलों की सड़क परियोजनाओं के साथ-साथ बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर की विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा पुल और सेतु निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 810 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर 1472.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 1602 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा 50 से अधिक सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी किया जाएगा, जिससे गांवों और कस्बों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से प्रस्तावित लगभग 50-50 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति और स्थानीय आवश्यकताओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पिछड़े और आकांक्षी विकासखंडों में चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में दो राज्य राजमार्गों के विकास, औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी, 81 लघु सेतुओं तथा सात बड़े पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बाईपास मार्गों, ओवरब्रिज और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को भी मंजूरी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 12 नए हेलीपैड के निर्माण को भी मंजूरी दी गई, जिससे आपातकालीन सेवाओं और प्रशासनिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने हरदौपट्टी संपर्क मार्ग, कटरा बाजार क्षेत्र के पंडितपुरवा-नहवा-परसौरा मार्ग, सुभानपुर-बेलवानोहर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, हट्टीपुरवा से कुढ़ियांव संपर्क मार्ग तथा चांदपुरडीहा संपर्क मार्ग समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली।
बैठक में देवीपाटन मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








