AI की गंदी हरकत से परेशान रूपाली गांगुली! फर्जी तस्वीरें और वीडियो देख पहुंचीं कोर्ट

टीवी की मशहूर अभिनेत्री रूपाली गांगुली ने अपनी तस्वीरों और पहचान के कथित गलत इस्तेमाल के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कई ऑनलाइन पोर्टल बिना अनुमति उनकी तस्वीरों और अन्य कंटेंट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इतना ही नहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उनकी नकली तस्वीरें बनाई जा रही हैं और कुछ वीडियो के साथ भी छेड़छाड़ की जा रही है।

रूपाली का कहना है कि इस तरह तैयार किए गए कंटेंट को कुछ ऐसी वेबसाइटों पर इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री दिखाई जाती है। अभिनेत्री ने अपनी याचिका में इसे अपने पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन बताया है।

4 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

रूपाली गांगुली ने अदालत से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति की पहचान, तस्वीर, आवाज और छवि का इस्तेमाल उसकी सहमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए। इस याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट में 4 नवंबर को सुनवाई होगी। मामले की सुनवाई जस्टिस माधव जामदार की बेंच करेगी।

सामंथा रुथ प्रभु भी पहुंची थीं अदालत

रूपाली गांगुली से पहले अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु भी अपनी पहचान और तस्वीरों के गलत इस्तेमाल के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि कई वेबसाइट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उनकी तस्वीरों और आवाज का इस्तेमाल करके AI से नकली वीडियो, मॉर्फ की गई तस्वीरें और अश्लील कंटेंट तैयार कर रहे हैं।

इस मामले में अदालत ने सामंथा को अंतरिम राहत दी थी। कोर्ट ने गूगल, मेटा और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल करने वाले चिह्नित कंटेंट को हटाने का निर्देश दिया था।

प्रीति जिंटा ने भी उठाई थी आवाज

इससे पहले जुलाई में अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने भी AI से तैयार किए गए डीपफेक वीडियो और मॉर्फ की गई तस्वीरों के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को आपत्तिजनक कंटेंट हटाने के निर्देश दिए थे।

Back to top button