
फिल्म की टीम के बीच मतभेदों की खबरें ऐसे समय में सामने आई हैं, जब मेकर्स की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। इससे पहले आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि फिल्म के प्रमोशन को लेकर टीम के सदस्यों के बीच कुछ मतभेद चल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बात को लेकर भी नाराजगी थी कि प्रमोशन के दौरान एक प्रोड्यूसर को बाकी लोगों की तुलना में ज्यादा अहमियत दी जा रही है।
इन खबरों के बाद फिल्म की फ्रेंचाइजी के अगले हिस्से को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, मेकर्स ने अभी तक फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

प्रोड्यूसर अनुप्रिया नगर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म को तीन हिस्सों यानी ट्रिलॉजी के रूप में बनाने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा था कि टीम जल्द ही दूसरे पार्ट के लिए फिर से साथ आएगी।
हालांकि, अब सूत्रों के हवाले से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि नीम करोली बाबा की कहानी को आगे बढ़ाने को लेकर चारों निर्माताओं की राय अलग-अलग हो सकती है। फिलहाल फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।









