पुणे को मिली मेट्रो की नई सौगात, पीएम मोदी ने किया 23 KM लंबे कॉरिडोर का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो की बहुप्रतीक्षित लाइन-3 का उद्घाटन किया। मान-हिंजवडी से शिवाजीनगर तक जाने वाली यह मेट्रो लाइन पुणे के आईटी हब, व्यावसायिक और प्रशासनिक इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी देगी। हालांकि, आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा 4 नवंबर की सुबह 6 बजे से शुरू होगी।

उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेट्रो परियोजनाएं शहरों में रहने वाले लोगों की जिंदगी आसान बनाने के साथ-साथ आर्थिक विकास को भी गति देती हैं। उन्होंने कहा कि साल 2014 में एनडीए सरकार ने शहरी मध्यम वर्ग के लिए बेहतर परिवहन और जीवन को आसान बनाने का संकल्प लिया था। आज उसी दिशा में काम के नतीजे दिखाई दे रहे हैं।

पुरानी सरकार होती तो पुणे में मेट्रो पहुंचने में कई दशक लग जाते: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज किसी शहर की पहचान सिर्फ उसकी आर्थिक मजबूती से नहीं, बल्कि वहां रहने वाले लोगों की सुविधाओं से भी होती है। मेट्रो सेवाएं शहरों को ज्यादा सुविधाजनक और बेहतर बनाती हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि देश में पहली मेट्रो सेवा 1984 में शुरू हुई थी, लेकिन उसके बाद के 30 वर्षों में सिर्फ 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क तैयार हो पाया। साल 2014 तक देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो चल रही थी। उन्होंने कहा कि अगर पुरानी सरकार और पुरानी कार्यशैली जारी रहती, तो पुणे में मेट्रो पहुंचने में कई और दशक लग जाते।

पुणे विकसित भारत की नई ऊर्जा को दिशा दे रहा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि पुणे हमेशा से नए विचारों और बदलावों का केंद्र रहा है। आईटी, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप, इनोवेशन और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में इस शहर ने अपनी अलग पहचान बनाई है। पुणे देश के युवाओं के लिए नए सपनों और संभावनाओं का केंद्र है।

उन्होंने कहा कि हिंजवडी से शिवाजीनगर तक मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने से शहर के आईटी हब को काफी फायदा होगा। इससे पुराने और नए पुणे के बीच आवाजाही भी आसान होगी। पीएम मोदी ने इस नई सुविधा के लिए पुणे और महाराष्ट्र के लोगों को बधाई दी।

शहरों को ग्रोथ हब बनाने पर सरकार का जोर

पीएम मोदी ने कहा कि देश के शहर केवल रहने की जगह नहीं हैं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों के बड़े केंद्र भी हैं। सरकार का लक्ष्य छोटे शहरों को भी विकास के बड़े केंद्र के रूप में तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ इस साल फरवरी में अर्बन चैलेंज फंड को मंजूरी दी गई थी। इसके लिए केंद्र सरकार एक लाख करोड़ रुपये की मदद दे रही है। आने वाले वर्षों में इसके जरिए शहरों में बड़े पैमाने पर निवेश जुटाने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री ने स्थानीय निकायों और निजी क्षेत्र से भी इस काम में आगे आने की अपील की।

12 वर्षों में देश का मेट्रो नेटवर्क 248 से बढ़कर 1,400 किलोमीटर हुआ

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के मेट्रो नेटवर्क में बड़ा बदलाव आया है। साल 2014 में देश में मेट्रो नेटवर्क करीब 248 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर लगभग 1,400 किलोमीटर हो गया है।

उन्होंने बताया कि 2014 में केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध थी, जबकि अब यह सुविधा 26 शहरों तक पहुंच चुकी है। आज हर दिन एक करोड़ से ज्यादा लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, भारत का मेट्रो नेटवर्क अब दुनिया के तीन सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क में शामिल है।

23.203 किलोमीटर लंबा है पुणे मेट्रो का नया कॉरिडोर

पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) के आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी के मुताबिक, लाइन-3 पूरी तरह एलिवेटेड यानी जमीन से ऊपर बना 23.203 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर है। इसे ‘पुणेरी मेट्रो’ और ‘पिंक लाइन’ के नाम से भी जाना जाता है।

यह लाइन मान से शुरू होकर हिंजवडी स्थित राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क से होते हुए शिवाजीनगर तक जाएगी। इससे आईटी पार्क और शहर के प्रमुख इलाकों के बीच सफर आसान होने की उम्मीद है।

8,313 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई परियोजना

पुणे मेट्रो लाइन-3 को तैयार करने में करीब 8,313 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसमें जमीन अधिग्रहण और उपयोगिता सेवाओं को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का खर्च भी शामिल है।

इस परियोजना को केंद्र सरकार की नेशनल मेट्रो रेल पॉलिसी, 2017 के तहत डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) मॉडल पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के जरिए तैयार किया गया है। आम यात्रियों के लिए इस लाइन पर मेट्रो सेवाएं 4 नवंबर की सुबह 6 बजे से शुरू होंगी।

Back to top button