बनारस में अखिलेश यादव का दौरा आज, पोस्टर-बैनर से सजी सड़कें, कार्यकर्ताओं में उत्साह

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार (3 नवंबर) को वाराणसी पहुंच रहे हैं। दोपहर 12 बजे वह वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद जिले के अलग-अलग इलाकों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों से मुलाकात करेंगे। उनका यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं का दुख-दर्द बांटने और मुश्किल समय में उनके परिवारों के साथ खड़े होने से जुड़ा है।

दरअसल, बीते दिनों समाजवादी पार्टी के सक्रिय पदाधिकारी राजेश यादव का निधन हो गया था। अखिलेश यादव उनके परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके अलावा पार्टी के पुराने कार्यकर्ता सतीश फौजी की तबीयत काफी खराब है। अखिलेश यादव उनके घर पहुंचकर परिवार से मिलेंगे और उनका हालचाल जानेंगे।

घायल सपा कार्यकर्ता से भी करेंगे मुलाकात

समाजवादी पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष लक्कड़ यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 3 नवंबर को कार्यकर्ताओं का दुख-दर्द बांटने के लिए वाराणसी आ रहे हैं। वह दिवंगत पदाधिकारी राजेश यादव के परिवार से मिलेंगे और बीमार चल रहे पुराने कार्यकर्ता सतीश फौजी के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।

इसके साथ ही दुर्घटना में घायल हुए एक अन्य सपा कार्यकर्ता से भी अखिलेश यादव मुलाकात करेंगे। पार्टी नेताओं के मुताबिक, उनका यह दौरा पूरी तरह कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के साथ खड़े होने के उद्देश्य से रखा गया है।

पोस्टर-बैनर से सजी वाराणसी की सड़कें

अखिलेश यादव के स्वागत के लिए वाराणसी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खास तैयारियां की हैं। शहर के अलग-अलग मार्गों पर पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं। उनके आगमन को देखते हुए कई जगहों पर स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

Back to top button