ओमान के तट पर भारतीय जहाज पर हवाई हमला, एक नाविक की मौत, 13 भारतीयों को बचाया गया

मस्कट।  ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक मालवाहक जहाज पर हवाई हमला होने की घटना सामने आई है। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद भारतीय अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों के साथ नाविकों को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। इसी दौरान किसी अज्ञात उड़ती हुई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया।

2 नवंबर को हुआ हमला, एक नाविक की गई जान

केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, यह घटना सोमवार (2 नवंबर) को एमएसवी अल युसूफी नामक मालवाहक जहाज के साथ हुई। हमले के बाद ओमान कोस्ट गार्ड ने तेजी से बचाव अभियान चलाया और 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हालांकि, गुजरात के रहने वाले नाविक गांधार नाहिम अजीज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई। इस घटना से नाविक के परिवार में शोक का माहौल है।

नाविकों को भारत वापस लाने की तैयारी

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नाविक की मौत पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि इस मामले में मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। सुरक्षित बचाए गए सभी 13 नाविकों को जरूरी सहायता दी जा रही है।

इसके साथ ही मृतक नाविक के पार्थिव शरीर और अन्य भारतीय नाविकों को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।

Back to top button