“उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) के पहले दिन पहली पाली की परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों के 955 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 19.94 लाख पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। आयोग ने सुरक्षा और पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए हैं।“
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) के पहले दिन गुरुवार को प्रथम पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा को लेकर प्रदेशभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जा रही है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार ने बताया कि प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। इनमें लखनऊ, कानपुर और जौनपुर समेत कई प्रमुख जिले शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए कुल 19 लाख 94 हजार 661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। पहले दिन आयोजित दोनों पालियों तथा तीन जुलाई की प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ तक के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जा रही है।
वहीं, तीन जुलाई की द्वितीय पाली और चार जुलाई की प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराने का संकल्प
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार ने कहा कि राज्य सरकार और आयोग परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था की संभावना न रहे।
समय से केंद्र पहुंचने की अपील
आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने परीक्षार्थियों को किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना से बचने की सलाह देते हुए कहा कि परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से ही करें।
तीन दिन तक चलेगी परीक्षा
यूपीटीईटी-2026 का आयोजन दो से चार जुलाई तक विभिन्न पालियों में किया जा रहा है। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और विश्वसनीयता के साथ संपन्न कराया जा सके।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”







