“Kanpur Industrial Zone: कानपुर में प्रदेश का पहला सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल एंड इंप्लॉयमेंट जोन बनने जा रहा है। यहां युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर मिलेंगे। योगी सरकार ने पहले चरण में 15 जिलों का चयन किया है।“
कानपुर। प्रदेश में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कानपुर में राज्य का पहला सरदार वल्लभ भाई पटेल इंडस्ट्रियल एंड इंप्लॉयमेंट जोन विकसित किया जाएगा। इसका संचालन 31 अक्टूबर से पहले शुरू करने की तैयारी है।
इस इंडस्ट्रियल कम स्किल सेंटर में युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही यहां औद्योगिक इकाइयों की स्थापना भी की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पहले चरण में 15 जिलों का चयन
योगी सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में सरदार वल्लभ भाई पटेल इंडस्ट्रियल एंड इंप्लॉयमेंट जोन विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए पहले चरण में 15 जिलों का चयन किया गया है।
इनमें कानपुर के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ समेत अन्य जिले शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ना है।
50 से 100 एकड़ जमीन चिन्हित
कानपुर में इस परियोजना के लिए जमीन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार, इंडस्ट्रियल जोन के लिए करीब 50 से 100 एकड़ जमीन की जरूरत होगी।
इसके लिए चकेरी स्थित एयरो सिटी और आईआईटी कानपुर के पीछे के क्षेत्र में जमीन चिन्हित की गई है। नियमों के अनुसार इस जमीन को जोन का संचालन करने वाले समूह को उपलब्ध कराया जाएगा।
हीरानंदानी समूह ने दिखाई सबसे ज्यादा रुचि
कानपुर के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के संचालन के लिए देश के बड़े औद्योगिक समूहों ने रुचि दिखाई है। इनमें हीरानंदानी समूह, वीबीजी ग्रुप और टाटा समूह शामिल हैं।
कानपुर मंडल के कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि हीरानंदानी समूह के प्रतिनिधियों ने कानपुर की कुछ साइटों का निरीक्षण भी किया है। उनकी रुचि सबसे अधिक है और उम्मीद है कि उनके साथ ही इस जोन का संचालन शुरू किया जाएगा।
पहले खुलेगा ट्रेनिंग सेंटर, बाद में लगेंगी फैक्ट्रियां
अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना के पहले चरण में युवाओं के लिए स्किल ट्रेनिंग सेंटर शुरू किए जाएंगे। यहां उद्योगों की जरूरत के हिसाब से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके बाद औद्योगिक इकाइयों का संचालन शुरू होगा। इससे कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
कानपुर की औद्योगिक पहचान को मिलेगी नई मजबूती
औद्योगिक शहर के रूप में पहचान रखने वाले कानपुर में इस परियोजना को रोजगार और उद्योग के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सरकार की योजना है कि इंडस्ट्रियल जोन के जरिए युवाओं को आधुनिक कौशल उपलब्ध कराया जाए और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिले।
इससे कानपुर में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ शहर की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









