“मॉनसून सत्र 2026 के 10वें दिन संसद में विपक्षी हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा भी कुछ देर बाद स्थगित हुई। जानें संसद की पूरी अपडेट।“
नई दिल्ली: संसद के मॉनसून सत्र के 10वें दिन शुक्रवार को विपक्षी सांसदों के हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही प्रभावित रही। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी हंगामे के कारण सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में जन्म-मृत्यु पंजीकरण संशोधन बिल पेश
लोकसभा में शुक्रवार को जन्म और मृत्यु का रजिस्ट्रेशन (संशोधन) विधेयक-2026 पर विचार किया जाना था। इस बिल में जन्म या मृत्यु की सूचना देर से देने की प्रक्रिया में बदलाव का प्रावधान किया गया है।
बिल के अनुसार, यदि जन्म या मृत्यु की सूचना एक साल से अधिक लेकिन दो साल के भीतर दी जाती है तो सत्यापन के बाद जिला मजिस्ट्रेट, उपजिला मजिस्ट्रेट या अधिकृत कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मंजूरी से पंजीकरण किया जा सकेगा।
राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित
राज्यसभा में भी विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा किया। इसके बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
एंटी पेपर लीक बिल जल्द लागू करना प्राथमिकता: रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 का पारित होना छात्रों के हित में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता इस कानून को जल्द लागू करना है, ताकि परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाया जा सके और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
झारखंड बीजेपी सांसदों ने किया प्रदर्शन
इस बीच झारखंड के बीजेपी सांसदों ने राज्य में कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर संसद परिसर में धरना दिया।
विपक्ष का आरोप- सरकार चर्चा से बच रही
विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के मुद्दों, कथित पुलिस कार्रवाई और अन्य मामलों पर चर्चा से बच रही है। वहीं सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया।








