राम मंदिर CEO बनने की रेस में पूर्व IAS-IPS भी, इंटरव्यू में पूछा- ‘भगवान राम में कितनी आस्था?’

राम मंदिर CEO पद के लिए 18 उम्मीदवारों का अंतिम इंटरव्यू शुरू हो गया है। पूर्व IAS योगेश्वर राम मिश्र और पूर्व IPS राजेश पांडेय भी पहुंचे। उम्मीदवारों से रामलला में आस्था, मंदिर प्रबंधन और वित्तीय व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे गए।

अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए अंतिम साक्षात्कार का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को पूर्व IAS अधिकारी और अयोध्या के पूर्व डीएम एवं मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र तथा पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय समेत नौ उम्मीदवारों ने इंटरव्यू दिया। कुल 18 उम्मीदवारों को अंतिम चरण के लिए बुलाया गया है।

उम्मीदवारों से करीब एक घंटे से अधिक समय तक बातचीत की जा रही है। इंटरव्यू में मंदिर व्यवस्था के संचालन, प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय क्षमता, वित्तीय प्रबंधन, पूर्व कार्य अनुभव और तैनाती के दौरान किए गए कार्यों से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। इसके साथ ही उम्मीदवारों की प्रभु रामलला के प्रति आस्था को भी परखने की कोशिश की जा रही है।

दो दिन चलेगा अंतिम इंटरव्यू

रामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र (PFC) के सभागार में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे से साक्षात्कार शुरू हुआ। चयन समिति के तीनों सदस्य—समिति अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, सदस्य डॉ. सुरेश हावड़े और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी—उम्मीदवारों का इंटरव्यू ले रहे हैं।

बुधवार को भी शेष उम्मीदवारों के साक्षात्कार होंगे। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन और सदस्य महंत दिनेंद्रदास भी इस दौरान मौजूद रहे।

5200 आवेदनों में से 18 उम्मीदवार अंतिम दौर में

राम मंदिर CEO पद के लिए ट्रस्ट ने 13 जुलाई को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन मांगे थे। आवेदन की अंतिम तारीख 18 जुलाई तक करीब 5200 लोगों ने आवेदन किया था। इनमें सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों के अलावा निजी क्षेत्र में काम कर चुके लोग भी शामिल थे।

आवेदन पत्रों की छंटनी के बाद करीब 54 उम्मीदवारों का प्राथमिक साक्षात्कार लिया गया। इसके बाद लगभग 18 उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए चुना गया है।

तीन नामों का पैनल तैयार करेगी चयन समिति

अंतिम इंटरव्यू पूरा होने के बाद चयन समिति सबसे योग्य उम्मीदवारों में से तीन नामों का पैनल तैयार करके श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी। इसके बाद ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर विचार किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में CEO के चयन पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

6 जुलाई को हुआ था चयन समिति का गठन

राम मंदिर CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय ट्रस्ट की 6 जुलाई को हुई बैठक में लिया गया था। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई। अब चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और जल्द ही राम मंदिर की व्यवस्थाओं की कमान संभालने वाले नए CEO के नाम पर मुहर लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button